
Rajasthan election - Former Chief Minister Ashok Gehlot in Bikaner
बीकानेर. कांग्रेस महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार रात गंगाशहर के चौरडि़या चौक में आयोजित सभा में भाजपा प्रत्याशियों पर निशाना साधा। गहलोत ने कहा है कि डॉ. गोपाल जोशी वरिष्ठ नेता है और हमारे साथी रहे है। मैं उनका सम्मान करता हूं। जोशीजी अब बुजुर्ग हो गए है, वे आराम करें। हम कभी उनसे घर मिलने जाएंगे।
गहलोत ने आगे कहा कि डॉ. बी डी कल्ला वरिष्ठ नेता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी हित को ध्यान में रखते हुए उन्हें बीकानेर पश्चिम से प्रत्याशी बनाया है। बीकानेर पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया लाल झंवर भी वरिष्ठ नेता और सहयोगी है। भाजपा प्रत्याशी सिद्धि कुमारी जनता के बीच नहीं जाती है। कांग्रेस की टिकट वितरण के दौरान बने हालात से माली समाज में पनपी नाराजगी पर डेमेज कंट्रोल करते हुए गहलोत ने कहा कि टिकट वितरण के दौरान प्रत्याशियों को बदलना पार्टी हित में लिया गया निर्णय है। यशपाल गहलोत की टिकट कटने में कन्हैयालाल झंवर की गलती नहीं है। महज गलतफहमी है।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि जो होता है अच्छे के लिए होता है, जो होगा और भी अच्छा होगा। रेल फाटकों की समस्या पर गहलोत बोले कि यह काम बाकी है, रेल फाटकों की समस्या से आमजन को राहत दिलानी है। वर्षों से इसके लिए लगा हुआ हूं। अफसोस है कि रेल बायपास के लिए आए पैसे को वसुन्धरा राजे झालावाड़ और हाडौती ले गई। सूरसागर के कायाकल्प कार्य पर उन्होंने कहा कि एडीबी के माध्यम से पैसा हमारी सरकार के समय स्वीकृत कराया गया। जिसे खर्च कर वसुन्धरा राजे सूरसागर का श्रेय ले रही है।
भाजपा ने जनकल्याण योजनाओं को कमजोर किया
बीकानेर. गंगाशहर की सभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्र व राज्य की भाजपा सरकार और इनके नेताओं पर तंज कसे। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस सरकार में शुरू की गई जन कल्याण योजनाओं को भाजपा सरकार ने कमजोर करने का काम किया। पहले से चल रहे विकास कार्यों को रोकना शर्मनाक है। लोकतंत्र में जनता माई-बाप है। जनता की कोई सुनवाई नहीं हुई। कांग्रेस ने लोकतंत्र को मजबूत रखा है। प्रदेश में पिछले पांच सालों में कानून व्यवस्था बिगड़ी है।
महिलाओं पर अत्याचार बढे़ है। प्रदेश सरकार चोरी, डकैती, हत्याओं, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है। उन्होंने केन्द्र की मोदी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा शासन में घृणा, नफरत और हिंसा की राजनीति हो रही है। जबकि विचारधारा, नीति, सिद्धांत, प्रेम, भाईचारे से राजनीति होनी चाहिए। सभा के दौरान बीकानेर पूर्व विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैयालाल झंवर तथा बीकानेर पश्चिम के प्रत्याशी डॉ. बीडी कल्ला ने संबोधित किया। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत, पीसीसी सदस्य मकसूद अहमद, राजकुमार किराडू आदि मौजूद रहे।
Published on:
02 Dec 2018 10:04 am
