
Road Accident (फाइल फोटो)
Bilaspur Huge Road Accident: छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर लगातार लोगों की जान ले रहा है। प्रदेश में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार स्कोडा कार ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, लेकिन घटनास्थल पर कार की टूटी हुई "सीएमओ" लिखी नंबर प्लेट छोड़ गया, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 11 बजे मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास यह हादसा हुआ। पथरिया की ओर से तखतपुर लौट रही स्कोडा कार (क्रमांक CG 15 DN 3866) ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे।
हादसे के समय बाइक पर ग्राम मझगांव निवासी भुनेश्वर साहू (26), किरण बांसोड़ (36) और हेमलता साहू (39) सवार थे। दुर्घटना में हेमलता साहू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल किरण बांसोड़ और भुनेश्वर साहू को पहले पथरिया अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान किरण बांसोड़ ने भी दम तोड़ दिया। भुनेश्वर साहू का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के तुरंत बाद स्कोडा कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि भागने की जल्दबाजी में कार की टूटी हुई "सीएमओ" लिखी नंबर प्लेट घटनास्थल पर ही छूट गई। सूचना मिलने पर जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए नंबर प्लेट को जब्त कर लिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कोडा कार तखतपुर के सीएमओ अमरेश सिंह से संबंधित बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह पुष्टि नहीं हुई है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में आधिकारिक जानकारी दी जाएगी।
प्रदेश में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे की ओर इशारा कर रहे हैं। इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि फरार चालक तक कब पहुंचा जाता है।
Updated on:
02 Aug 2026 04:23 pm
Published on:
02 Aug 2026 02:15 pm
