
Chhattisgarh Employees News ( Patrika File Photo )
Bilaspur Drug Racket: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पंजाब से हेरोइन तस्करी करने वाले गिरोह अब पुलिस से बचने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन इस बार उनका प्लान ज्यादा देर तक नहीं चल सका। मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 97 ग्राम हेरोइन के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से एक अल्टो कार, एक स्कूटी, पांच मोबाइल फोन और नशीली सामग्री की बिक्री से जुड़े 57 हजार 800 रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक पंजाब के अमृतसर के रहने वाले हैं, जबकि तीन आरोपी मुंगेली जिले के निवासी हैं। आरोपियों की पहचान जितेंद्र सिंह रंधावा, जगदीप सिंह, शेख अल्ताफ, अमित कुमार डाहिरे और अवि पाठक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पंजाब से लाई गई हेरोइन को छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में खपाने की तैयारी थी।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक कार में नशीला पदार्थ लेकर सप्लाई के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक निलेश पांडेय और उनकी टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
पुलिस ने जब कार की जांच की तो उसमें बैठे युवक घबराए हुए दिखाई दिए और पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद वाहन में रखे बैग की तलाशी ली गई, जिसमें एक बोतल में छिपाकर रखा गया हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से नकदी और अन्य सामान भी जब्त किया। शुरुआती जांच में नशे के इस नेटवर्क के तार दूसरे जिलों से भी जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और आने वाले समय में इस मामले में और बड़ी कार्रवाई होने के संकेत मिल रहे हैं।
तोरवा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
Updated on:
13 May 2026 06:53 pm
Published on:
13 May 2026 06:53 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
