
23 बांग्लादेशी की जांच जारी ( AI Photo )
Chhattisgarh News: बांग्लादेशी नागरिकता के संदेह में पकड़े गए 23 लोगों की जांच में पुलिस को भारत आने के तरीकों को लेकर भी अहम जानकारी मिली है। कुछ लोग सीमा पार करने के लिए नदी और जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। बड़े टायर और ट्यूब में हवा भरकर उसमें बैठकर नदी पार करने और रात के अंधेरे में भारत पहुंचने की बात भी सामने आई है।
इसके लिए पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के बीच बहने वाली गंगा-पदमा नदी के साथ सुंदरवन के जंगलों वाले इलाकों का उपयोग हो रहा था। बड़े-बड़े ट्यूब व टायरों को पानी में तैरने लायक बनाया जाता था। इसके बाद उसमें बैठकर नदी पार करने की कोशिश की जाती थी। कुछ मामलों में अपने साथ मवेशियों और अन्य पशुओं को भी लाने की बात सामने आई है।
प्राथमिक जांच में यह बात भी निकलकर सामने आ रही कि सीमा क्षेत्र के ऐसे हिस्सों को आवाजाही के लिए चुना जाता था, जहां घने जंगल, नदी और दुर्गम इलाका होने के कारण निगरानी अपेक्षाकृत कठिन होती है। बिलासपुर में पकड़े गए संदिग्धों की जांच में दस्तावेजों को लेकर भी कई विसंगतियां मिली हैं। जांच में कुछ मामलों में पत्नी के पिता यानी ससुर के नाम को ही आधार कार्ड में पिता के नाम के रूप में दर्ज कराया गया है। संदिग्ध दस्तावेज और मूल पते के सत्यापन के लिए बिलासपुर पुलिस की टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर तक पहुंची है। संबंधित दस्तावेज वहां भेजे गए हैं और सत्यापन रिपोर्ट का इंतजार है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व (डीआईजी) रजनेश सिंह ने कहा कि संदिग्धों के सत्यापन के दौरान उनके दस्तावेज और मूल निवास को लेकर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। कुछ मामलों में पहचान से जुड़े दस्तावेज में भी विसंगतियां मिली हैं। पश्चिम बंगाल में संबंधित पते और दस्तावेज का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
Updated on:
08 Sept 2026 02:51 pm
Published on:
08 Sept 2026 02:50 pm
