GGU Bilaspur News: गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय ने द टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यंग यूनिवर्सिटी रैंकिंग में 401-500 के बैंड में शामिल होकर अंतरराष्ट्रीय अकादमिक मानचित्र पर अपनी जगह बना ली है। इस रैंकिंग में 50 साल या उससे कम अवधि में स्थापित उच्च शिक्षा संस्थानों को शामिल किया जाता है। भारत से इस रैंकिंग में 84 युवा संस्थानों ने भागीदारी की थी, जिसमें गुरु घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय को 37वां स्थान प्राप्त हुआ है। इसका मूल्यांकन शोध की गुणवत्ता, उद्योगों के साथ संबंध, अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण, शोध एवं शैक्षणिक वातावरण विषयों के आधार पर किया जाता है। रैंकिंग की विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए द टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यंग यूनिवर्सिटी रैंकिंग द्वारा 166 देशों के 5 लाख शिक्षाविदों से राय ली थी।