26 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

स्मार्ट गैस’ की एंट्री, अब पाइप्ड नेचुरल गैस से बनेगा खाना, Adani Total Gas Limited का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार

Gas Cylinder: बिलासपुर अब आधुनिक शहरी सुविधाओं की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। जल्द ही बिलासपुर के घरों में सिलेंडर की जगह पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) से खाना बनेगा।

3 min read
Google source verification
अब पाइप्ड नेचुरल गैस से बनेगा खाना (फोटो सोर्स- Freepik)

अब पाइप्ड नेचुरल गैस से बनेगा खाना (फोटो सोर्स- Freepik)

Gas Cylinder: बिलासपुर अब आधुनिक शहरी सुविधाओं की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाने जा रहा है। जल्द ही बिलासपुर के घरों में सिलेंडर की जगह पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) से खाना बनेगा। अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने शहर में पीएनजी नेटवर्क का काम लगभग पूरा कर लिया है और अगले महीने से रजिस्ट्रेशन शुरू करने की तैयारी है।

जानकारी के मुताबिक, कछार क्षेत्र में ट्रांसमिशन गैस प्लांट स्थापित किया जा चुका है और वहां नेचुरल गैस की आपूर्ति भी चुकी है। इसी प्लांट से शहर तक पाइपलाइन बिछाकर पूरी सप्लाई चेन तैयार कर ली गई है। अब उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की जानी है।

अप्रैल से घरों में पहुंचेगी गैस

कंपनी की माने तो रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अगले महीने से शुरू होगी और इसके तुरंत बाद अप्रैल से ही कनेक्शन जारी किए जाने लगेंगे। पहले चरण में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि बाद में कमर्शियल कनेक्शन भी तेजी से दिए जाएंगे।

एलपीजी संकट के बीच ‘राहत की पाइपलाइन’

शहर में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर की कमी और अनियमित सप्लाई से आम लोग परेशान हैं। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी कमर्शियल गैस के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसे समय में पीएनजी गैस को ‘राहत की पाइपलाइन’ के रूप में देखा जा सकता है। पीएनजी कनेक्शन मिलने के बाद न तो सिलेंडर खत्म होने की चिंता रहेगी, न बुकिंग का झंझट और न हेी ब्लैक में महंगी गैस खरीदने की मजबूरी।

जितनी खपत उतना ही भुगतान

पीएनजी में हर घर में गैस मीटर लगाया जाएगा। उपभोक्ता जितनी गैस इस्तेमाल करेगा, उसी के अनुसार बिल आएगा। बिलिंग सिस्टम बिजली की तरह पारदर्शी और आसान होगा। इससे अनावश्यक खर्च पर भी नियंत्रण रहेगा। आगे चलकर इसे स्मार्ट मीटर में बदला जाएगा, ताकि मोबाइल रिचार्ज के जैसे ही लोग रिचार्ज करके गैस उपयोग कर सकेंगे। पीएनजी को एलपीजी के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित माना जाता है।

होटल-रेस्टोरेंट को भी फायदा

पीएनजी कनेक्शन शुरू होने के बाद होटल, ढाबे और रेस्टोरेंट संचालकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें लगातार गैस सप्लाई मिलेगी, जिससे उनका संचालन सुचारु रहेगा और लागत भी कम होगी। जानकारों के अनुसार पीएनजी गैस एलपीजी की तुलना में 10 से 20 प्रतिशत तक सस्ती पड़ सकती है। साथ ही इसमें सिलेंडर स्टोरेज, ढुलाई और बुकिंग का कोई झंझट नहीं होता। रसोई में जगह भी बचती है और घर का पूरा सिस्टम ज्यादा व्यवस्थित रहता है।

कनेक्शन में डिपॉजिट, ईएमआई और किराया का विकल्प

  • पीएनजी कनेक्शन के लिए 6000 रुपए का सिक्योरिटी डिपॉजिट देना होगा, जो पूरी तरह रिफंडेबल रहेगा।
  • 200 रुपए प्रति माह की 20 आसान किस्तों में भुगतान पर भी कनेक्शन
  • 45 रुपए प्रतिमाह किराया योजना के तहत भी कनेक्शन उपलब्ध होगा (यह राशि नॉन-रिफंडेबल होगी)

अगले महीने से रजिस्टे्रशन शुरू होगा

बिलासपुर में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) प्रोजेक्ट का अधिकांश इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य पूरा कर लिया गया है और कंपनी अब उपभोक्ताओं को कनेक्शन देने के चरण में प्रवेश कर रही है। कच्छार स्थित गैस प्लांट से शहर तक पाइपलाइन नेटवर्क सफलतापूर्वक स्थापित कर लिया गया है और जल्द ही इसका लाभ आम नागरिकों को मिलने लगेगा।

अगले महीने से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की जाएगी और प्राथमिकता के आधार पर घरेलू उपभोक्ताओं को कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से व्यावसायिक उपभोक्ताओं को भी जोड़ा जाएगा, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों को भी निरंतर गैस आपूर्ति मिल सकेगी।

कंपनी उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आसान भुगतान विकल्प लेकर आई है, ताकि हर वर्ग के लोग पीएनजी कनेक्शन का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि पीएनजी न केवल एलपीजी के मुकाबले अधिक सुरक्षित है, बल्कि किफायती और पर्यावरण के अनुकूल भी है। - चंद्रमणि तिवारी, वाइस प्रेसिडेंट, अडानी टोटल गैस लिमिटेड