
BJP Leader Raped (प्रतीकात्मक तस्वीर)
BJP Leader Raped: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए 23 जनवरी 2026 से पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि राजधानी में अपराधों पर तेजी से लगाम लगेगी और आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिलेगा। हालांकि, इसके बावजूद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार गंभीर अपराधों और अवैध गतिविधियों की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
इसी बीच बिलासपुर की रहने वाली एक भाजपा नेत्री ने रांची निवासी कारोबारी पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपए की ठगी के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता सिविल लाइन थाना क्षेत्र की निवासी हैं और उनका दिल्ली आना-जाना लगा रहता था। करीब दो साल पहले दिल्ली में उनकी मुलाकात झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह से हुई थी। आरोपी ने खुद को बड़ा कारोबारी बताते हुए माइनिंग कारोबार में निवेश करने पर भारी मुनाफा होने का भरोसा दिलाया।
महिला का आरोप है कि कारोबारी ने व्यापार में साझेदारी और अच्छे रिटर्न का लालच देकर उनसे बड़ी रकम निवेश करवाई। इस दौरान दोनों के बीच लगातार बातचीत और संपर्क बढ़ता गया। आरोपी ने भरोसा जीतने के बाद महिला से नजदीकियां बढ़ाईं।
भाजपा नेत्री का आरोप है कि सितंबर 2025 में आरोपी ने दिल्ली में उनके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि कारोबारी ने विश्वास का फायदा उठाते हुए यह वारदात की। घटना के बाद आरोपी लगातार उन्हें धमकाने और ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता के मुताबिक आरोपी बार-बार पैसों की मांग करता था और मानसिक दबाव बनाता था। महिला ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने विरोध किया और अपने निवेश किए गए रुपए वापस मांगे, तब कारोबारी ने उन्हें बदनाम करने की धमकी देनी शुरू कर दी।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने अलग-अलग माध्यमों से उनसे करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए। इनमें आरटीजीएस समेत अन्य बैंकिंग ट्रांजैक्शन शामिल हैं। कारोबारी लगातार माइनिंग प्रोजेक्ट में नकद निवेश और बड़े मुनाफे का झांसा देता रहा। पीड़िता का आरोप है कि लंबे समय तक आरोपी उन्हें भरोसे में लेकर पैसे लेता रहा, लेकिन जब उन्होंने रकम वापस मांगनी शुरू की, तब वह ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली पर उतर आया। लगातार मानसिक प्रताड़ना और दबाव के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया।
मामले में सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी कारोबारी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल चैट, कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजैक्शन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी की तलाश में पुलिस ने झारखंड में भी दबिश दी है, लेकिन अभी तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
Published on:
22 May 2026 01:10 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
