
तालाब में लोगों की भीड़ और मोबाइल में बात करते पिता व दो बच्चे ( प्रतीकात्मक फोटो)
Chhattisgarh News: बिलासपुर के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में दुखद हादसा हो गया। पिता के साथ हंसते खेलते तालाब गए दो सगे भाइयों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान चिल्हाटी निवासी दीपू पैकरा (7) और उसके छोटे भाई चींटू पैकरा (4) के रूप में हुई है। दोनों अपने पिता के साथ तालाब के पास गए थे। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक किसान भक्त प्रहलाद पैकरा गुरुवार शाम अपने दोनों बेटों को लेकर तालाब के पास पहुंचे थे। बच्चे तालाब किनारे खेल रहे थे, जबकि पिता कुछ दूरी पर मोबाइल पर बातचीत करने चले गए। इसी दौरान खेलते समय चार वर्षीय चींटू का पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में चला गया। छोटे भाई को पानी में डूबता देख सात वर्षीय दीपू उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गया। बताया जा रहा है कि पानी की गहराई का दोनों बच्चों को अंदाजा नहीं था। देखते ही देखते दोनों भाई गहरे पानी में डूब गए।
हादसे के दौरान वहां मौजूद एक युवक की नजर पानी में डूब रहे बच्चों पर पड़ी। उसने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों के पहुंचने के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। परिजन और ग्रामीण दोनों को लेकर पचपेड़ी अस्पताल पहुंचे। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मस्तूरी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पचपेड़ी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। इधर इस दुखद हादसे में पिता को पछतावा हो रहा है।
Updated on:
21 Aug 2026 05:24 pm
Published on:
21 Aug 2026 05:22 pm
