
आमिर खान ने सोनम वांगचुक की हालत पर जताई चिंता
Aamir Khan clarification on Sonam Wangchuk: इस समय एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) की भूख हड़ताल और आंदोलन की गूंज पूरे देश में सुनाई दे रही है। इस गंभीर मुद्दे पर जहां पूरा सोशल मीडिया सोनम वांगचुक के समर्थन में खड़ा है, वहीं एक बड़े बॉलीवुड सुपरस्टार की चुप्पी ने नेटिजन्स को काफी परेशान कर रखा था। जी हां, हम बात कर रहे हैं मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान (Aamir Khan) की। सोशल मीडिया पर लोग लगातार सवाल उठा रहे थे कि सोनम वांगचुक के जीवन से प्रेरित होकर '3 इडियट्स' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म बनाने वाले आमिर खान इस आंदोलन पर चुप क्यों हैं?
इस बहस ने तब और तूल पकड़ लिया जब फिल्म में 'चतुर' का किरदार निभाने वाले एक्टर ओमी वैद्य (Omi Vaidya) ने खुलकर वांगचुक का समर्थन किया। लेकिन अब आखिरकार आमिर खान ने इस पूरे मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए एक ऐसा खुलासा किया है जिसने फैंस को चौंका दिया है। हर कोई इसे सुनकर हैरान हो रहा है।
एक कार्यक्रम के दौरान जब एक रिपोर्टर ने आमिर खान से '3 इडियट्स' के मुख्य किरदार 'फुनसुख वांगडू' का जिक्र करते हुए सोनम वांगचुक के आंदोलन पर सवाल किया, तो आमिर ने इस पर चुप्पी न साधते हुए खुलकर सफाई दी। आमिर ने इस आम धारणा को सिरे से खारिज कर दिया कि फिल्म '3 इडियट्स' वांगचुक से प्रेरित है।
आमिर ने साफ कहा, "नहीं, यह सच नहीं है। यह पूरी तरह से एक गलतफहमी है। जब हम यह फिल्म बना रहे थे, तब मुझे सोनम वांगचुक के बारे में पता ही नहीं था। मैंने हाल ही में चतुर यानी ओमी वैद्य का एक वीडियो देखा, जिसमें उन्होंने ऐसा दावा किया था... लेकिन वह गलत हैं। हो सकता है चतुर ऐसा सोच रहे हों, लेकिन सच यह है कि न तो डायरेक्टर राजकुमार हिरानी, न लेखक अभिजात जोशी और न ही मुझे, हममें से किसी को भी सोनम के बारे में कोई जानकारी थी। वैसे, खुद सोनम ने भी पहले यह साफ कर दिया था कि यह किरदार उन पर आधारित नहीं है। मैं तथ्यात्मक रूप से इसे स्पष्ट करना चाहता था।"
फिल्म से कनेक्शन को खारिज करने के बावजूद आमिर खान ने सोनम वांगचुक के काम और उनकी सेहत के लिए पूरा सम्मान जताया। आमिर ने भावुक होते हुए कहा, "वह जो भी काम कर रहे हैं, वह बेहद सराहनीय है। हमें उनके काम का सम्मान करने के लिए किसी '3 इडियट्स' के किरदार की जरूरत नहीं है। हम सभी उनकी सेहत और जान को लेकर बेहद चिंतित हैं। हम पूरी उम्मीद और कामना करते हैं कि वह जल्द से जल्द अपना अनशन समाप्त करें और अपनी सेहत का ख्याल रखें।"
आमिर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कुछ लोग आमिर की इस बेबाक सफाई को सही मान रहे हैं, वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास जैसे कई विश्लेषकों ने उनके इस जवाब को "निराशाजनक" बताया है। हालांकि, जीनत अमान, इमरान खान, स्वरा भास्कर और फातिमा सना शेख जैसी कई हस्तियों ने सोनम वांगचुक के आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दिया है।
Updated on:
17 Jul 2026 08:19 am
Published on:
17 Jul 2026 08:08 am
