
Aamir Khan-Gauri Spratt Wedding (सोर्स- एक्स)
Aamir Khan-Gauri Spratt Wedding: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्मों से लेकर अपने फैसलों तक हर बार अलग रास्ता चुनने वाले आमिर इस बार भी परंपरागत शाही शादी से दूर रहकर सादगी को प्राथमिकता देने वाले हैं। खबरों के मुताबिक, अभिनेता जल्द ही अपनी करीबी दोस्त और पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ शादीशुदा जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि 5 जुलाई को होने वाली ये शादी किसी बड़े होटल या आलीशान रिसॉर्ट में नहीं बल्कि घर पर ही सादगी भरे अंदाज में होगी। परिवार के चुनिंदा सदस्यों और कुछ खास दोस्तों की मौजूदगी में दोनों रजिस्टर्ड मैरिज करेंगे। आमिर और गौरी दोनों ही इस खास मौके को दिखावे से दूर और बेहद साधारण तरीके से मनाना चाहते हैं।
आमिर खान ने 'डेक्कन क्रॉनिकल' से बात करते हुए इस बात को स्वीकार किया कि वो घर पर ही सिंपल शादी करने वाले हैं। उनके मुताबिक, लंबे समय तक एक-दूसरे को समझने के बाद अब दोनों को लगा कि उनके रिश्ते को अगले पड़ाव तक ले जाने का समय आ गया है। यही वजह है कि दोनों ने शादी का फैसला लिया।
दिलचस्प बात ये है कि शादी की तैयारियों के लिए आमिर ने अपने पेशेवर कार्यक्रमों से भी थोड़ी दूरी बना ली है। माना जा रहा है कि विवाह के बाद वो निर्देशक राजकुमार हिरानी के साथ अपनी मच अवेटेड फिल्म ‘3 इडियट्स 2’ की शूटिंग में दोबारा बिजी हो जाएंगे। इस सीक्वल को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
2009 में रिलीज हुई ‘3 इडियट्स’ ने भारतीय सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई थी। रणछो, फरहान और राजू की दोस्ती आज भी दर्शकों के दिलों में बसी हुई है। अब सालों बाद इसकी अगली कहानी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें किरदारों की जिंदगी के अगले पड़ाव को दिखाया जाएगा।
Updated on:
20 Jun 2026 11:22 am
Published on:
20 Jun 2026 11:22 am
