
कुमार विश्वासने परिणीति चोपड़ा को लेकर की बात
Kumar Vishwas On Raghav Chadha: आम आदमी पार्टी (AAP) में इन दिनों मचे घमासान ने देश की राजनीति और सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। राज्यसभा में 'डिप्टी लीडर' के पद से राघव चड्ढा को हटाए जाने के बाद से ही उनकी पत्नी परिणीति चोपड़ा भी लोगों के निशाने पर आ गई हैं। कई लोग एक्ट्रेस की तारीफ कर रहे हैं तो कई इसकी आलोचना कर रहे हैं। अब ऐसे में पुरानी कड़वाहटें और भविष्यवाणियां बाहर आ रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच बी पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे मशहूर कवि कुमार विश्वास का करीब डेढ़ साल पुराना एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने राघव चड्ढा का नाम लिए बिना कुछ ऐसा ही होने का अंदेशा पहले ही जता दिया था यानी कह सकते हैं कि उन्होंने पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी।
वायरल हो रहा पॉडकास्ट वीडियो करीब डेढ़ साल पुराना है। इसमें कुमार विश्वास ने बिना नाम लिए राघव चड्ढा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, "आम आदमी पार्टी में अगला शिकार वह बालक होगा, जिसकी अपनी कोई खास राजनीतिक जमीन नहीं है, बस वह जरूरत से ज्यादा लोकप्रिय हो गया है।" कुमार विश्वास ने आगे चुटकी लेते हुए कहा था कि उस बालक ने एक बॉलीवुड 'हीरोइन' (परिणीति चोपड़ा) से शादी कर ली है और अब उसकी सोशल मीडिया रील्स चमकने लगी हैं।
कुमार के मुताबिक, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व (अरविंद केजरीवाल) को किसी दूसरे की 'आभा' या बढ़ती लोकप्रियता बर्दाश्त नहीं होती। उन्होंने तब ही कह दिया था, "जब इसकी शादी हुई थी, तभी मैंने मान लिया था कि अब यह बालक गया। इसे ये लोग नहीं छोड़ेंगे।" राघव और परिणीति की शादी साल 2023 में हुई थी। कपल ने राजस्थान के उदयपुर में सात फेरे लिए थे। जिसके कई फोटो और वीडियो भी इंस्टाग्राम पर खूब वायरल हुए थे।
पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा ने भी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने अपने 'X' (ट्विटर) हैंडल पर एक शायराना और आक्रामक वीडियो जारी किया। राघव ने अपनी बात रखते हुए कहा, "जिन लोगों ने मेरी आवाज दबाने की कोशिश की है, वे मेरी खामोशी को मेरी हार न समझें। मैं वो दरिया हूँ जो वक्त आने पर सैलाब बन जाता है।" उनके इस बयान से साफ है कि वह हार मानने के मूड में नहीं हैं।
हैरानी की बात यह है कि राघव इस समय बाहरी विरोधियों से ज्यादा अपनी ही पार्टी के नेताओं के निशाने पर हैं। सांसद संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी जैसे दिग्गजों ने राघव पर सवालों की बौछार कर दी है। पार्टी के अंदर से आवाजें उठ रही हैं कि राघव भाजपा की कार्रवाई से डर गए हैं और उनके लिए नरम रुख अपना रहे हैं।
मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने तो उनकी निष्ठा पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसा लग रहा है मानो राघव चड्ढा इस वक्त एक ऐसे राजनीतिक चक्रव्यूह में घिर गए हैं, जहां अरविंद केजरीवाल के 'सैनिक' ही उन पर आरोपों के तीर चला रहे हैं। राजनीति के जानकारों का मानना है कि बॉलीवुड और पॉलिटिक्स का यह मेल राघव के लिए फिलहाल कांटों भरी राह साबित हो रहा है।
Published on:
04 Apr 2026 12:38 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
