12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Asha Bhosle Funeral: कब और कहां होगा आशा भोसले का अंतिम संस्कार, बेटे ने दी जानकारी

Asha Bhosle Funeral: भारतीय संगीत जगत के लिए रविवार का दिन बेहद भावुक कर देने वाला साबित हुआ, जब सदाबहार आवाज की मालकिन आशा भोसले ने 92 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया।

2 min read
Google source verification
Asha Bhosle

Asha Bhosle (सोर्स- एक्स)

Asha Bhosle Funeral: भारतीय संगीत जगत के लिए रविवार का दिन बेहद भावुक कर देने वाला साबित हुआ, जब सदाबहार आवाज की मालकिन आशा भोसले ने 92 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया। सात दशक से अधिक लंबे करियर में अपनी गायकी से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली इस महान कलाकार के निधन की पुष्टि उनके बेटे आनंद भोसले ने मीडिया से बातचीत के दौरान की। उनके जाने से संगीत और फिल्म जगत में शोक की लहर फैल गई है।

अस्पताल में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस (Asha Bhosle Funeral)

जानकारी के मुताबिक आशा भोसले को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद ब्रीच कैंडी अस्तपाल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य स्थिति लगातार गंभीर बनी रही। आखिरकार मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही देशभर के कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया।

सोमवार को अंतिम दर्शन के लिए खुला रहेगा आवास

परिवार की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह से आम लोग भी इस महान गायिका के अंतिम दर्शन कर सकेंगे। उनका पार्थिव शरीर मुंबई स्थित लोअर परेल के कासा ग्रांडे स्थित आवास पर रखा जाएगा, जहां सुबह 11 बजे से प्रशंसक, कलाकार और संगीत प्रेमी उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। ये फैसला खास तौर पर उन लाखों चाहने वालों को ध्यान में रखकर लिया गया है जो उन्हें अंतिम विदाई देना चाहते हैं।

शिवाजी पार्क में होगा अंतिम संस्कार (Asha Bhosle Funeral)

परिवार के अनुसार सोमवार दोपहर बाद करीब 4 बजे उनका अंतिम संस्कार शिवाजी पार्क में किया जाएगा। अंतिम संस्कार में फिल्म और संगीत जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

सात दशकों तक संगीत जगत पर रहा दबदबा

आशा भोसले उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल थीं जिन्होंने अपने करियर में हजारों गीत गाकर संगीत की दुनिया में अमिट पहचान बनाई। उन्होंने हिंदी के अलावा कई भारतीय और विदेशी भाषाओं में गीत रिकॉर्ड किए और हर दौर के संगीत प्रेमियों को अपनी आवाज़ से जोड़े रखा। उनकी आवाज की विविधता और प्रयोगधर्मिता ने उन्हें बाकी गायिकाओं से अलग पहचान दिलाई।

दुनिया भर से उमड़ी श्रद्धांजलि

उनके निधन के बाद देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी उनके प्रशंसकों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर लगातार लोग उनके गीतों को साझा कर उन्हें याद कर रहे हैं। फिल्म उद्योग से जुड़े कलाकारों ने भी उन्हें भारतीय संगीत की अमूल्य धरोहर बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

आशा भोसले का जाना भारतीय संगीत इतिहास की एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनकी आवाज आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी और उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।