
Dhurandhar 2 Auto Driver Scene (सोर्स- एक्स)
Dhurandhar 2 Auto Driver Scene: बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों की चमक-दमक के पीछे कई ऐसे चेहरे भी होते हैं, जिनकी मौजूदगी स्क्रीन पर भले ही कुछ पलों की हो, लेकिन उनकी जिंदगी की कहानी बेहद गहरी होती है। ऐसी ही एक दिल छू लेने वाली कहानी सामने आई है फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' से जुड़े एक ऑटो-रिक्शा चालक बदरुल इस्लाम की, जिन्होंने इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में छोटा-सा किरदार निभाया, मगर अभी तक खुद ही फिल्म थिएटर में जाकर नहीं देख पाए।
निर्देशक आदित्य धर की इस एक्शन फिल्म ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाना शुरू कर दिए। फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले सितारे जैसे रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर माधवन की खूब तारीफ हो रही है। लेकिन इन बड़े नामों के बीच बदरुल इस्लाम की सादगी भरी कहानी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है।
बताया जा रहा है कि फिल्म के अंतिम हिस्से में बदरुल इस्लाम की छोटी-सी मौजूदगी दर्शकों को नजर आती है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में उन्होंने खुलकर बताया कि वे अभी तक फिल्म देखने नहीं जा सके हैं। वजह बेहद साधारण लेकिन भावुक करने वाली है- थिएटर का टिकट उनके बजट से बाहर है।
बदरुल ने बताया कि एक टिकट की कीमत लगभग 500 रुपये है और अगर वे अपने पूरे परिवार के साथ फिल्म देखने जाएं, तो कुल खर्च करीब 2500 रुपये हो जाएगा। उनके परिवार में पांच सदस्य हैं और इतनी रकम वो आमतौर पर एक महीने में बचा पाते हैं। ऐसे में उन्होंने तय किया कि फिलहाल इंतजार करना ही बेहतर है।
दिलचस्प बात ये है कि उनके बच्चे अपने पिता को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। बावजूद इसके, बदरुल ने परिवार की जरूरतों को प्राथमिकता दी और फिल्म देखने का कार्यक्रम टाल दिया। यही सादगी और जिम्मेदारी लोगों के दिल को छू रही है।
जैसे ही ये वीडियो सामने आया, सोशल मीडिया पर दर्शकों ने निर्देशक आदित्य धर से अपील करनी शुरू कर दी कि वे बदरुल और उनके परिवार के लिए विशेष स्क्रीनिंग की व्यवस्था करें। कई यूजर्स ने लिखा कि जिस कलाकार ने फिल्म का हिस्सा बनकर योगदान दिया, उसे अपनी ही फिल्म देखने का अवसर जरूर मिलना चाहिए।
फिल्म की सफलता की बात करें तो रिलीज के पहले सप्ताह में ही इसने देशभर में शानदार कमाई दर्ज की है। घरेलू बाजार में फिल्म का नेट कलेक्शन 575 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया, जबकि ओवरसीज कमाई ने भी रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया है। कुल मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 900 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है, जो इसे साल की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल कर रहा है।
Published on:
25 Mar 2026 06:27 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
