31 मार्च 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘धुरंधर 2’ पर लगा स्क्रिप्ट चुराने का आरोप, निर्देशक ने की कानूनी कार्रवाई करने की बात, रणवीर पर फिल्म पर हुआ विवाद

Dhurandhar 2 The Revenge Script Copy Row: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' को लेकर अब एक बड़ा दावा किया जा रहा है। फिल्म पर स्क्रिप्ट चुराने का आरोप लगा है।

2 min read
Google source verification
Dhurandhar 2 The Revenge Row

Dhurandhar 2 The Revenge Row (सोर्स- एक्स)

Dhurandhar 2 The Revenge Row: रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर चर्चा में बनी हुई है, लेकिन अब ये फिल्म एक नए विवाद में फंसती नजर आ रही है। कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े फिल्ममेकर और लेखक संतोष कुमार आरएस ने आरोप लगाया है कि फिल्म की कहानी उनकी लिखी स्क्रिप्ट से मिलती-जुलती है। इतना ही नहीं, उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की भी बात कही है।

निर्देशक ने लगाया आरोप (Dhurandhar 2 The Revenge Row)

संतोष कुमार आरएस का दावा है कि उन्होंने इस कहानी को साल 2023 में तैयार किया था और उसी साल इसे आधिकारिक रूप से स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन में रजिस्टर भी कराया था। उनके मुताबिक, जब उन्होंने हाल ही में फिल्म देखी तो उन्हें कहानी में कई समानताएं दिखाई दीं, जिसके बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जाहिर की।

निर्देशक का कहना है कि उन्होंने इस कहानी को बड़े स्तर पर बनाने के उद्देश्य से कई प्रमुख प्रोडक्शन हाउस के सामने प्रस्तुत किया था। उनका मानना था कि यदि फिल्म में बड़े कलाकारों को शामिल करना है तो किसी बड़ी कॉरपोरेट कंपनी का साथ जरूरी होगा। इसी वजह से उन्होंने अलग-अलग स्टूडियो के साथ संपर्क किया और कहानी साझा की थी।

आदित्य रॉय कपूर को कास्ट करने की बात (Dhurandhar 2 The Revenge Row)

संतोष कुमार आरएस ने यह भी बताया कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए मुख्य भूमिका में आदित्य रॉय कपूर को ध्यान में रखते हुए कहानी विकसित की थी। उनका कहना है कि उन्होंने लंबे समय तक मेहनत करके इस स्क्रिप्ट को तैयार किया था, इसलिए फिल्म की कहानी से समानता देखकर उन्हें गहरा झटका लगा है।

कानूनी कार्रवाई करने की कही बात (Dhurandhar 2 The Revenge Row)

उन्होंने आगे कहा कि उनके पास अपनी स्क्रिप्ट के रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेज, ईमेल रिकॉर्ड और बाकी प्रमाण मौजूद हैं, जिन्हें वह अदालत में पेश करने के लिए तैयार हैं। संतोष का आरोप है कि उनकी कहानी को बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया और इसे एक अलग दिशा में प्रस्तुत किया गया। उनका कहना है कि उन्होंने इस कहानी को पूरी तरह मनोरंजन के उद्देश्य से लिखा था, लेकिन फिल्म में इसे राजनीतिक रंग दे दिया गया, जिससे उन्हें व्यक्तिगत रूप से ठेस पहुंची है।

फिल्ममेकर ने इस मुद्दे को सिर्फ अपनी व्यक्तिगत लड़ाई नहीं बताया, बल्कि इसे पूरी इंडस्ट्री से जुड़ा मामला बताया। उनका कहना है कि अगर इस तरह की घटनाओं पर आवाज नहीं उठाई गई तो भविष्य में नए लेखकों और निर्देशकों के साथ भी ऐसा हो सकता है। इसलिए उन्होंने तय किया है कि वह इस मामले को कानूनी स्तर तक लेकर जाएंगे ताकि सच्चाई सामने आ सके।

कौन हैं संतोष कुमार?

बता दें कि संतोष कुमार आरएस कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले के तीर्थहल्ली क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं और फिल्म निर्देशन, लेखन व निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत कन्नड़ फिल्म कैम्पस क्रांति से की थी। इसके अलावा वह एक पैन-इंडिया एक्शन थ्रिलर प्रोजेक्ट युवन रॉबिनहुड पर भी काम कर रहे हैं, जो आने वाले समय में रिलीज होने की उम्मीद है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि इस विवाद पर फिल्म की टीम की तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है और कानूनी प्रक्रिया आगे किस दिशा में बढ़ती है। फिलहाल यह मामला फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।