
राकेश बेदी ने जब कर दिया था आदित्य धर की फिल्म को मना
Rakesh Bedi Reject Aditya Dhar Movie: इस समय पूरी इंडस्ट्री में एक ही नाम गूंज रहा है और वह कोई और नहीं बल्कि राकेश बेदी है। फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर रही है और उनका निभाया हुआ किरदार 'जमील जमाली' लोगों के दिलों में बस गया है। फिल्म में उनका डायलॉग पर लोग मीम्स बना रहे हैं और बेहद पसंद कर रहे हैं, लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि जिस फिल्म ने राकेश बेदी को करियर के इस मुकाम पर पहुंचाया, उसे उन्होंने लगभग ठुकरा ही दिया था। वह आदित्य धर के साथ काम नहीं करना चाहते थे।
जी हां! राकेश बेदी ने खुद इस बात का खुलासा किया है कि जब उनके पास आदित्य धर आए थे तो उन्होंने मना कर दिया था। यह किस्सा अभी का नहीं बल्कि पुराना है। साल 2019 में, जब निर्देशक आदित्य धर अपनी पहली फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने राकेश बेदी को एक छोटे से रोल के लिए फोन किया था। दशकों से इंडस्ट्री का हिस्सा रहे राकेश बेदी रोल को लेकर थोड़े दुविधा में थे।
हाल ही में फराह खान के साथ एक बातचीत में उन्होंने इस राज से पर्दा उठाया। राकेश बेदी ने बताया, "सच कहूं तो मैंने 'उरी' के लिए मना कर दिया था। मुझे लगा कि सिर्फ एक सीन के लिए सर्बिया जाना क्या सही रहेगा? एक सीनियर एक्टर होने के नाते मुझे लगा कि रोल बहुत छोटा है और मुझे कुछ ठोस काम करना चाहिए।"
जब राकेश बेदी इस कश्मकश में थे, तब उनकी बेटी रितिका उनके लिए 'एंजेल' बनकर आईं। रितिका ने अपने पिता को समझाया कि आज का सिनेमा बदल रहा है। उन्होंने कहा, "पापा, आदित्य धर एक नया और बेहद टैलेंटेड डायरेक्टर है। आपको उनके विजन पर भरोसा करना चाहिए। रोल छोटा है तो क्या हुआ, काम मायने रखता है।" रितिका के साथ-साथ राकेश की पत्नी ने भी उन्हें प्रेरित किया कि टैलेंटेड स्टार्स को नए टैलेंट का साथ देना चाहिए। परिवार की बात मानकर उन्होंने फिल्म के लिए हां कह दी और यहीं से 'धुरंधर' का रास्ता साफ हो गया।
आदित्य धर के साथ शुरू हुआ वह छोटा सा जुड़ाव 'धुरंधर 2' तक आते-आते एक ऐतिहासिक मोड़ ले चुका है। फिल्म में उनका डायलॉग "बच्चा है तू मेरा" आज सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक वायरल हो चुका है। राकेश बेदी बताते हैं कि आज लोग उनके पास सिर्फ फोटो खिंचवाने नहीं आते, बल्कि उनसे यह डायलॉग सुनाने की जिद करते हैं।
फराह खान ने जब मजाक में रितिका से कहा कि पापा की किस्मत बदलने के बदले उन्हें क्या इनाम मिला, तो रितिका ने हंसते हुए जवाब दिया, "बिल्कुल, मैं तो अब पापा से नई रेंज रोवर लेने वाली हूं।" भले ही यह मजाक था, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि रितिका की उस एक सलाह ने राकेश बेदी को उनके करियर की सबसे बड़ी सफलता दिला दी। आज जब 'धुरंधर 2' अरबों की कमाई कर रही है, तो राकेश बेदी अपनी इस कामयाबी का पूरा श्रेय अपनी बेटी और परिवार को देते हैं।
Updated on:
21 Apr 2026 03:03 pm
Published on:
21 Apr 2026 03:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
