
रुबीना दिलैक ने अपनी पर्सनल लाइफ पर की बात
Rubina Dilaik says she ‘cut off her close friends: टीवी की फेमस अभिनेत्रियों का जब-जब नाम आता है तो उसमे एक रुबीना दिलैक भी होती है। वह अक्सर अपने दिल की बात को खुलकर कहने में विश्वास रखती है। जब वह 'बिग बॉस 14' में अपने पति के साथ आई थीं तो उनकी पूरी पर्सनल लाइफ को लोगों ने देखा था। कहा जाता है कि उस समय कपल का तलाक होने वाला था लेकिन फिर उन्होंने अपना रिश्ता संभाला और एक-दूसरे को मौका दिया। अब ऐसी बीच उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और दोस्ती के कड़वे अनुभवों को लेकर कई ऐसे खुलासे किए हैं, जिन्हें सुनकर उनके फैंस काफी हैरान हो रहे हैं। रुबीना ने बताया कि कैसे उनकी प्रेग्नेंसी के दौरान उन लोगों ने भी साथ छोड़ दिया था, जिन्हें वह अपना सबसे करीबी दोस्त समझती थीं।
रुबीना दिलैक ने हाल ही में अपने यूट्यूब चैनल पर एक पॉडकास्ट शेयर किया, जिसमें उनकी खास दोस्त और 'लाफ्टर शेफ्स' की को-स्टार जन्नत जुबैर मेहमान बनकर पहुंची थीं। बातचीत के दौरान रुबीना ने अपनी प्रेग्नेंसी के उन दिनों को याद किया जब वह जुड़वां बेटियों की मां बनने वाली थीं। रुबीना ने रोती हुई आवाज में कहा, "प्रेग्नेंसी मेरे लिए जिंदगी बदल देने वाला अनुभव रही है। उस दौरान मैंने उन सभी लोगों से दूरी बना ली जो खुद को मेरा दोस्त कहते थे। वह लोग मेरी पार्टियों और अच्छे दिनों में तो साथ थे, लेकिन जब मुझे उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब वह कहीं नजर नहीं आए।"
रुबीना ने आगे कहा कि उन्होंने बिना किसी शोर-शराबे या सफाई के ऐसे लोगों को अपनी जिंदगी से हमेशा के लिए बाहर कर दिया है। उनके मुताबिक, दोस्ती सिर्फ साथ घूमने या पार्टी करने का नाम नहीं है, बल्कि वह रिश्ता है जो बिना शब्दों के ढाल बनकर खड़ा रहे।
अपनी आपबीती सुनाते हुए रुबीना ने जन्नत जुबैर का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने बताया कि जब उनके पुराने और करीबी दोस्त उनके साथ नहीं थे तब उम्र में काफी छोटी जन्नत उनके साथ मजबूती से खड़ी रहीं थी। रुबीना ने कहा, "जन्नत, जब मैं प्रेग्नेंट थी तब भी तुम मुझसे मिलने आईं और बेटियों के जन्म के बाद भी। तुमने दोस्ती की जो परिभाषा मेरे सामने रखी है, वह मेरे लिए बहुत बड़ी सीख है।"
दिलचस्प बात यह है कि जन्नत और रुबीना की दोस्ती की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी। जन्नत ने इस पॉडकास्ट में खुलासा किया कि शुरू में उनके बीच काफी नफरत थी। जन्नत ने कहा, "शुरुआत में हम एक-दूसरे को खास पसंद नहीं करते थे, लेकिन शायद सच्चे रिश्ते ऐसे ही बनते हैं। मुश्किल वक्त में आप मेरे साथ खड़ी रहीं और धीरे-धीरे यह अपनापन बढ़ता गया।"
रुबीना दिलैक की जिंदगी उतार-चढ़ाव भरी रही है। 'बिग बॉस 14' के दौरान उन्होंने खुद कुबूल किया था कि पति अभिनव शुक्ला के साथ उनके रिश्ते तलाक की कगार पर थे। हालांकि, समय के साथ दोनों ने अपने रिश्ते को संभाला और आज वह एक खुशहाल परिवार हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो रुबीना इन दिनों टीवी सीरियल्स से दूर फिल्मों और पॉडकास्ट पर ध्यान दे रही हैं। जल्द ही वह फिल्म 'हम तुम मकतूब' में नजर आएंगी। रुबीना की यह ईमानदारी उनके फैंस को प्रेरित करती है कि जिंदगी में भीड़ से ज्यादा 'सच्चे' लोगों का होना जरूरी है।
Updated on:
21 Apr 2026 02:14 pm
Published on:
21 Apr 2026 02:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
