
धुरंधर 3 पर राकेश बेदी का रिएक्शन आया सामने
Rakesh Bedi On Dhurandhar 3: निर्देशक आदित्य धर के जादुई निर्देशन में बनी स्पाई थ्रिलर 'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान रच रही हैं। 1700 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली इस फिल्म की सफलता ने दर्शकों के बीच एक ही सवाल छोड़ दिया है- क्या 'धुरंधर 3' भी आएगी? इस बीच, फिल्म में 'जमील जमाली' का अहम किरदार निभाने वाले दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी ने इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है, जिससे फैंस थोड़े हैरान भी हैं और उत्साहित भी हो रहे हैं।
राकेश बेदी ने जूम के साथ खास बातचीत की। इस दौरान एक्टर से 'धुरंधर 3' की संभावनाओं पर सवाल किया गया, तो उन्होंने बहुत ही सिंपल जवाब दिया। राकेश ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं लगता कि मौजूदा कहानी के साथ तीसरा भाग बनेगा। 'धुरंधर 2' का अंत इस तरह हुआ है कि मुख्य जासूस (रणवीर सिंह) अपने देश वापस लौट जाता है, जिससे कहानी पूरी लगती है।"
हालांकि, उन्होंने फ्रेंचाइजी को लेकर एक उम्मीद की किरण भी छोड़ी। राकेश ने आगे कहा कि 'धुरंधर' अब एक बड़ा ब्रांड बन चुकी है। यह एक ऐसी फ्रेंचाइजी है जिसे भविष्य में किसी भी समय दूसरे कलाकारों के साथ नई कहानी के साथ बनाया जा सकता है। उनके इस बयान से कयास लगाए जा रहे हैं कि अगर 'धुरंधर 3' आती है, तो शायद उसमें कोई नया जासूस या बिल्कुल नई कास्ट नजर आएगी।
राकेश बेदी का मानना है कि 'धुरंधर 2' की सफलता के पीछे दर्शकों की गहरी दिलचस्पी थी। उन्होंने बताया, "लोग दूसरे भाग को सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं देख रहे थे, बल्कि वह यह जानने के लिए बेचैन थे कि पहले भाग की कहानी आगे क्या मोड़ लेगी। अब वही उत्सुकता तीसरे भाग को लेकर भी है।" फैंस सोशल मीडिया पर लगातार मेकर्स से गुहार लगा रहे हैं कि इस जासूसी दुनिया को और आगे ले जाया जाए।
दिसंबर 2025 में जब इस सफर का पहला पार्ट आया था, तो उसने 1300 करोड़ रुपये कमाकर सबको चौंका दिया था। लेकिन असली धमाका 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई 'धुरंधर: द रिवेंज' ने किया। यह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1100 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली पहली हिंदी फिल्म बन गई है। पूरी दुनिया में अब तक यह 1750 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है।
इतनी बड़ी सफलता के बाद कोई भी मेकर इस फ्रेंचाइजी को छोड़ना नहीं चाहेगा। भले ही रणवीर सिंह का किरदार अपनी मंजिल तक पहुंच गया हो, लेकिन 'धुरंधर' के नाम का जादू अभी भी बरकरार है। अब देखना यह है कि आदित्य धर क्या कोई नया दांव खेलते हैं या 'धुरंधर 3' के लिए कोई नई स्क्रिप्ट तैयार करते हैं।
Published on:
20 Apr 2026 11:46 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
