22 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे दिलजीत दोसांझ, अचानक पहुंच गया खालिस्तानी समर्थक, देखें वीडियो

Diljit Dosanjh Concert Controversy: पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ हाल ही में अमेरिका के शो में परफॉर्म कर रहे थे कि तभी अचानक स्टेज पर खालिस्तानी समर्थक आ गया।

2 min read
Google source verification
Diljit Dosanjh Concert Controversy

Diljit Dosanjh Concert Controversy (सोर्स- @punjabimediahub )

Diljit Dosanjh Concert Controversy: पंजाबी संगीत को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने वाले दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ऑरा वर्ल्ड टूर 2026 को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। लेकिन सैन फ्रांसिस्को में हुए उनके हालिया कॉन्सर्ट के दौरान ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने कुछ समय के लिए वहां मौजूद हजारों लोगों की धड़कनें बढ़ा दीं। लाइव परफॉर्मेंस के बीच अचानक एक शख्स खालिस्तान समर्थक झंडा लेकर स्टेज पर पहुंच गया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल हरकत में आना पड़ा।

लगातार परफॉर्म करते रहे दिलजीत पाजी

हालांकि इस घटना के बावजूद दिलजीत दोसांझ ने जिस तरह से स्थिति को संभाला, उसने एक बार फिर साबित कर दिया कि वो सिर्फ एक कलाकार ही नहीं बल्कि एक सच्चे प्रोफेशनल भी हैं। बताया जा रहा है कि जैसे ही व्यक्ति मंच पर पहुंचा, सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय पुलिस ने उसे काबू में कर लिया और हिरासत में ले लिया। कुछ मिनटों के लिए माहौल जरूर तनावपूर्ण हो गया था, लेकिन इसके बाद कार्यक्रम फिर सामान्य रूप से शुरू हो गया।

दिलजीत दोसांझ ने इस पूरे घटनाक्रम के दौरान अपना संयम नहीं खोया। वो लगातार दर्शकों का मनोरंजन करते रहे और उनके चेहरे पर घबराहट की बजाय वही ऊर्जा दिखाई दी, जिसके लिए उनके प्रशंसक उन्हें पसंद करते हैं। कॉन्सर्ट में मौजूद लोगों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद दिलजीत ने दोबारा अपने गानों और डांस से माहौल को पहले जैसा बना दिया।

दिलजीत के खिलाफ कट्टरपंथी संगठनों का विरोध

दरअसल पिछले कुछ समय से कुछ कट्टरपंथी संगठनों की ओर से दिलजीत दोसांझ के खिलाफ सोशल मीडिया पर विरोध और व्यवधान पैदा करने की कोशिशें देखी जा रही थीं। बावजूद इसके, सिंगर का रुख हमेशा साफ रहा है कि उनके शो में आने वाले दर्शकों को परेशान करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ स्थानीय कानून अपना काम करेगा।

दिलजीत का नॉर्थ अमेरिका ऑरा वर्ल्ड टूर 2026 भी अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। सैन फ्रांसिस्को के चेस सेंटर में 20 और 21 जून को आयोजित शो के साथ इस टूर का समापन हुआ। इस टूर ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पंजाबी संगीत की लोकप्रियता अब केवल भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि वैश्विक स्तर पर इसकी मजबूत पहचान बन चुकी है।

दिलजीत दोसांझ को मिला सम्मान

हाल ही में लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल ने भी दिलजीत दोसांझ को सम्मानित करते हुए 6 जनवरी 2027 को 'दिलजीत दोसांझ डे' घोषित किया था। ये सम्मान उन्हें दुनियाभर में पंजाबी संगीत और दक्षिण एशियाई संस्कृति को नई पहचान दिलाने के लिए दिया गया।

फिल्मी मोर्चे पर भी दिलजीत काफी व्यस्त हैं। वो जल्द ही अपनी पीरियड ड्रामा फिल्म 'पंजाब 95' में दिखाई देंगे। इस फिल्म का निर्देशन हनी त्रेहन ने किया है और इसकी कहानी मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन से प्रेरित बताई जा रही है। ऐसे में फैंस को अब उनके अगले प्रोजेक्ट का बेसब्री से इंतजार है।