
Diljit Dosanjh (IMDb)
Diljit Dosanjh Satluj Controversy: दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'Satluj' को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 से हटाए जाने के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। लंबे समय तक सेंसर संबंधी प्रक्रियाओं में उलझी रहने के बाद ये फिल्म हाल ही में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी, लेकिन कुछ ही दिनों के अंदर इसे भारत में स्ट्रीमिंग से हटा दिया गया। इस फैसले ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है और फिल्म जगत से लेकर राजनीतिक नेताओं तक कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
'सतलज' का मूल नाम 'पंजाब 95' था। ये फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और उनके संघर्ष से प्रेरित बताई जाती है। बता दें, खालरा ने 1990 के दशक में पंजाब में कथित मानवाधिकार उल्लंघनों और लापता लोगों के मामलों को उजागर करने का काम किया था। इसी संवेदनशील विषय पर आधारित होने के कारण फिल्म लंबे समय तक प्रमाणन प्रक्रिया में अटकी रही। आखिरकार इसे नए नाम के साथ ओटीटी पर रिलीज किया गया, लेकिन जल्द ही प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया।
फिल्म हटाए जाने के बाद एक्टर रणवीर शौरी ने सोशल मीडिया पर निराशा जाहिर करते हुए कहा कि वो इस फिल्म को देखने का इंतजार कर रहे थे। इसके साथ ही, उन्होंने लिखा कि जिस देश की पहचान अपने इतिहास और उससे मिलने वाली सीख से है, वहां इतिहास से जुड़ी कहानियों को दबाने की प्रवृत्ति चिंताजनक है। उनका ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
बता दें, फिल्म निर्माता संजय गुप्ता ने भी इस फैसले पर टेंशन जताया और सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की। तो वहीं, एक्ट्रेस सोनी राजदान ने भी फिल्म हटाए जाने पर दुख व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
रिलीज के दौरान फिल्म को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। कई लोगों ने इसकी कहानी और प्रस्तुति की तारीफ की, जबकि ऑनलाइन फिल्म की रेटिंग भी चर्चा का विषय बनी रही। इसी वजह से अचानक फिल्म हटने के बाद दर्शकों में भी निराशा देखी गई।
दिलजीत दोसांझ ने भी पहले एक बातचीत में इशारे से बताया कि उन्हें आशंका है कि फिल्म को सीमित समय के लिए ही उपलब्ध कराया जा सकता है और बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक दृश्य शेयर करते हुए भावनात्मक संदेश पोस्ट किया, जिसे उनके फैंस ने व्यापक रूप से शेयर किया। फिलहाल ZEE5 की ओर से फिल्म को हटाने के पीछे विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
Updated on:
06 Jul 2026 02:27 pm
Published on:
06 Jul 2026 02:15 pm
