
Don 2 (सोर्स- IMDb)
Isha Koppikar Recalls Shahrukh Khan Don Song: बॉलीवुड में शाहरुख खान को सिर्फ एक सुपरस्टार ही नहीं, बल्कि एक जेंटलमैन और दिल जीत लेने वाली शख्सियत के तौर पर भी जाना जाता है। उनके साथ काम कर चुके कलाकार अक्सर उनके बर्ताव, ह्यूमर और सादगी की तारीफ करते नहीं थकते। अब अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने फिल्म ‘डॉन: द चेज बिगिन्स अगेन’ (2006) के दिनों को याद करते हुए शाहरुख खान से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसने एक बार फिर किंग खान की पर्सनैलिटी को सुर्खियों में ला दिया है।
'बॉलीवुड बबल' से बातचीत करते हुए अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर हाल ही में एक इंटरव्यू में अपने करियर और को-स्टार्स के साथ काम करने के अनुभव पर खुलकर बात कर रही थीं। बातचीत के दौरान उन्होंने शाहरुख खान के साथ काम करने के अनुभव को बेहद खास बताया। उनके मुताबिक, शाहरुख असल जिंदगी में भी बिल्कुल वैसे ही हैं, जैसे उन्हें पर्दे पर देखा जाता है। स्टारडम का कोई बोझ नहीं, न ही सामने वाले को छोटा महसूस कराने वाला रवैया।
ईशा ने बताया कि शाहरुख खान सेट पर माहौल को हल्का रखने के लिए खुद पर ही मजाक कर लेते थे। उनका कहना था कि शाहरुख इस बात का खास ध्यान रखते हैं कि उनके साथ काम करने वाला कलाकार सहज महसूस करे। वो खुद की टांग खींचकर सामने वाले को हंसा देते हैं, ताकि कैमरे के सामने झिझक खत्म हो जाए।
इसी बातचीत में ईशा ने फिल्म ‘डॉन’ के मशहूर गाने की शूटिंग से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी साझा किया। उस गाने में शाहरुख खान के साथ प्रियंका चोपड़ा और ईशा कोप्पिकर भी नजर आई थीं। ईशा के मुताबिक, डांस सीक्वेंस के दौरान शाहरुख ने हंसी-मजाक में कहा था कि जब प्रियंका और ईशा डांस कर रही हैं, तो उन्हें वहां बुलाने की क्या जरूरत है, क्योंकि देखने वाले तो सब उन्हीं दोनों को देखेंगे। इस पर ईशा ने भी मुस्कुराते हुए जवाब दिया था कि दर्शक तो शाहरुख खान को ही देखेंगे, बाकी कोई मायने नहीं रखता।
ईशा ने शाहरुख की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी एक्टिंग और डांस दोनों में एक अलग सहजता है। वो बिना किसी दिखावे के अपना काम करते हैं और उनकी शालीनता उन्हें बाकी सितारों से अलग बनाती है। ईशा के शब्दों में, शाहरुख खान एक ऐसे इंसान हैं, जैसे हर किसी को होना चाहिए- सभ्य, विनम्र और सम्मान देने वाला।
फिल्म ‘डॉन: द चेज़ बिगिन्स अगेन’ का निर्देशन फरहान अख्तर ने किया था। यह 1978 में आई अमिताभ बच्चन स्टारर क्लासिक फिल्म का रीमेक थी। इस फिल्म में शाहरुख खान, प्रियंका चोपड़ा और ईशा कोप्पिकर के अलावा अर्जुन रामपाल, बोमन ईरानी और ओम पुरी जैसे दमदार कलाकार नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और इसका सीक्वल ‘डॉन 2’ भी रिलीज हुआ, जिसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता हासिल की।
Updated on:
27 Jan 2026 10:24 am
Published on:
27 Jan 2026 10:23 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
