14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नेपोटिज्म पर फिर छिड़ी बहस, जुनैद खान बोले- पिता आमिर की वजह से मिल रही हैं फिल्में

Junaid Khan Neptism Controversy: बॉलीवुड एक्टर आमिर खान के बेटे जुनैद खान के हालिया बयान ने नेपोटिज्म को लेकर बहस एक बार फिर तेज कर दी है।

2 min read
Google source verification
Junaid Khan Neptism Controversy

Junaid Khan Neptism Controversy (सोर्स- एक्स)

Junaid Khan Nepotism Controversy: बॉलीवुड में नेपोटिज्म को लेकर बहस कोई नई नहीं है। हर बार जब किसी स्टार किड की फिल्म फ्लॉप होती है, तो सोशल मीडिया पर यही सवाल उठता है कि आखिर उन्हें लगातार मौके क्यों मिलते रहते हैं। अब खुद आमिर खान के बेटे जुनैद खान ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की है। दिलचस्प बात ये है कि उन्होंने बिना किसी लाग-लपेट के स्वीकार किया कि उनके सरनेम की वजह से उन्हें इंडस्ट्री में फायदा मिलता है।

दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हुईं फ्लॉप (Junaid Khan Nepotism Controversy)

हाल ही में रिलीज हुई जुनैद खान की फिल्मों ‘लवयापा’ और ‘एक दिन’ बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं।दोनों फिल्मों को दर्शकों से ठंडा रिस्पॉन्स मिला लेकिन इन असफलताओं के बावजूद जुनैद के पास फिल्मों की कमी नहीं है। यही वजह है कि उन्होंने अब खुद माना कि स्टार किड होना उनके लिए कई दरवाजे खोल देता है।

2 फ्लॉप के बाद भी ऑफर्स की लाइन

विक्की ललवानी के साथ इंटरव्यू में जुनैद खान ने फिल्म इंडस्ट्री के काम करने के तरीके पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि निर्माता वही चेहरा चुनते हैं जिसे आसानी से प्रमोट किया जा सके। उनके मुताबिक, फिल्म बनाना सिर्फ कला नहीं बल्कि बिजनेस भी है और यहां मार्केट वैल्यू बहुत मायने रखती है।

जुनैद ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अभी दो फ्लॉप फिल्मों के बाद भी उन्हें काम मिल रहा है, इसलिए उन्हें काम करते रहने दिया जाए। उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। कुछ लोग उनकी ईमानदारी की तारीफ कर रहे हैं, तो कई यूजर्स इसे बॉलीवुड में फैले भाई-भतीजावाद का खुला उदाहरण बता रहे हैं.

नेपोटिज्म शब्द से नहीं होती परेशानी

जहां कई स्टार किड नेपोटिज्म शब्द सुनते ही असहज हो जाते हैं, वहीं जुनैद ने साफ कहा कि उन्हें इस शब्द से कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने माना कि अगर वो आमिर खान के बेटे नहीं होते, तो शायद उन्हें इतने मौके आसानी से नहीं मिलते.

हालांकि जुनैद का ये भी कहना है कि सिर्फ स्टार किड होना काफी नहीं होता. आखिरकार दर्शक वही कलाकार पसंद करते हैं जो स्क्रीन पर असर छोड़ सके। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार को उसके किरदार के हिसाब से चुना जाना चाहिए, ना कि सिर्फ उसके परिवार या पहचान की वजह से।

‘एक दिन’ से थीं काफी उम्मीदें

साई पल्लवी के साथ आई फिल्म ‘एक दिन’ को लेकर मेकर्स को काफी उम्मीदें थीं लेकिन फिल्म दर्शकों से जुड़ नहीं पाई. खासतौर पर साई पल्लवी की हिंदी और फिल्म की धीमी कहानी को लेकर काफी आलोचना हुई। हालांकि जुनैद ने कहा कि उन्हें इस फिल्म में काम करके काफी मजा आया और पूरी टीम ने दिल से मेहनत की थी।

आमिर खान भी हुए थे निराश

जुनैद ने बताया कि फिल्म के खराब प्रदर्शन से आमिर खान भी निराश जरूर हुए, लेकिन वो ज्यादा देर तक किसी असफलता में नहीं उलझते। वो जल्दी ही अगले काम की तैयारी में लग जाते हैं। यही सीख जुनैद भी अपने पिता से ले रहे हैं।

अब हॉरर दुनिया में दिखेंगे जुनैद

लगातार दो रोमांटिक फिल्मों के बाद अब जुनैद खान एक नए जॉनर में नजर आने वाले हैं। खबर है कि वो जल्द ही ‘रागिनी एमएमएस 3’ में दिखाई देंगे। इस फिल्म में उनके साथ तमन्ना भाटिया भी अहम भूमिका में होंगी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि क्या जुनैद अपनी अगली फिल्म से दर्शकों का दिल जीत पाएंगे या नहीं।