9 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दो साल तक शरीर के अंदर रही गोली, अर्चना पूरन सिंह की सास ने झेला बंटवारे का दर्द, परमीत सेठी ने किया खुलासा

Archana Puran Singh Mother In Law Partition Story: अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह के पति परमीत ने हाल ही में चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया है कि कैसे उनकी मां के शरीर के अंदर दो साल तक गोली रही।

3 min read
Google source verification
Archana Puran Singh Mother In Law Partition Story

Archana Puran Singh Mother In Law Partition Story (सोर्स- एक्स)

Archana Puran Singh Mother In Law Partition Story: बॉलीवुड अभिनेता और निर्देशक परमीठ सेठी ने हाल ही में अपनी मां को लेकर ऐसा खुलासा किया जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। सोशल मीडिया पर अपने परिवार के साथ मजेदार वीडियो और व्लॉग्स के लिए मशहूर परमीत सेठी ने बताया कि भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौरान उनकी मां को गोली लग गई थी। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि वो गोली करीब दो साल तक उनके शरीर के अंदर ही फंसी रही और किसी को पता तक नहीं चला कि आखिर गोली कहां है।

बचपन में झेला बंटवारे का दर्द (Archana Puran Singh Mother In Law Partition Story)

परमीत सेठी ने अपनी मां सुशील सेठी को याद करते हुए बताया कि उनका परिवार विभाजन के दौर की भयावह घटनाओं से गुजरा था। उस समय उनका परिवार उस इलाके में रहता था जो बाद में पाकिस्तान का हिस्सा बन गया। दंगों और डर के माहौल में लोग अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे।

परमीत ने बताया कि उनकी मां उस समय महज 10-12 साल की थीं। घर में अक्सर एक दर्जी कपड़े सिलने आया करता था। उसी व्यक्ति की नजर घर में रखी बंदूक पर पड़ गई। दंगों के दौर में हथियार हासिल करने के इरादे से वह चोरी-छिपे घर में घुस गया।

आवाज सुनकर जागीं और चल गई गोली

परमीत के मुताबिक, रात के समय घर में हलचल होने पर उनकी मां की आंख खुल गई। जैसे ही उन्होंने आवाज लगाने की कोशिश की, उस शख्स ने घबराकर उन पर गोली चला दी। उस दौर में मेडिकल सुविधाएं इतनी आधुनिक नहीं थीं कि तुरंत पता चल सके गोली शरीर में कहां फंसी है।

गोली लगने के बाद उनकी मां लंबे समय तक दर्द और कमजोरी से जूझती रहीं। परिवार उस समय भारत आ चुका था, लेकिन इलाज के बावजूद डॉक्टर यह नहीं समझ पा रहे थे कि गोली आखिर शरीर के किस हिस्से में मौजूद है। परमीत ने बताया कि उनकी मां करीब दो साल तक ठीक से स्कूल भी नहीं जा पाईं।

मसाज के दौरान सामने आई सच्चाई

इस दर्दनाक कहानी का सबसे हैरान करने वाला हिस्सा तब सामने आया जब एक दिन नर्स उनकी मां की मालिश कर रही थी। तभी अचानक उनकी पीठ के हिस्से से गोली बाहर की तरफ उभरती दिखाई दी। इसके बाद तुरंत डॉक्टरों को बुलाया गया और ऑपरेशन करके गोली निकाली गई।

परमीत सेठी ने कहा कि उस समय परिवार ने राहत की सांस ली क्योंकि इतने सालों बाद आखिरकार पता चल पाया कि उनकी मां के शरीर में दर्द की वजह क्या थी। उन्होंने बताया कि उनकी मां बेहद जिंदादिल और फिल्मों जैसी जिंदगी जीने वाली महिला थीं।

परिवार की कहानी ने लोगों को किया भावुक

अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी का परिवार सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय है। उनके बेटे आर्यमान सेठी और आयुष्मान सेठी भी यूट्यूब वीडियोज में नजर आते हैं। इसी दौरान परमीत ने अपनी मां की कहानी सुनाई, जिसे सुनकर फैंस भी भावुक हो गए।

परमीत और अर्चना ने इससे पहले अपनी शादी को लेकर भी कई दिलचस्प किस्से साझा किए थे। दोनों ने लंबे समय तक अपनी शादी को छिपाकर रखा था। यहां तक कि शादी के बाद भी दोनों एक-दूसरे के माता-पिता को अंकल-आंटी कहकर बुलाते थे ताकि किसी को शक न हो।

सास के निधन के बाद भी करती रहीं शूटिंग

अर्चना पूरन सिंह ने भी एक पुराना किस्सा साझा करते हुए बताया था कि एक बार शूटिंग के दौरान उन्हें अपनी सास के निधन की खबर मिली थी। हालांकि उस वक्त शो की शूटिंग चल रही थी और उन्होंने अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट को निभाते हुए एपिसोड पूरा किया।

उन्होंने कहा कि अंदर से टूट जाने के बावजूद कैमरे के सामने हंसना पड़ा। यही इस इंडस्ट्री की सबसे कठिन सच्चाइयों में से एक है कि कलाकार को निजी दुखों के बीच भी अपना काम पूरा करना पड़ता है।