
हॉलीवुड फिल्म- द ब्लफ ( सोर्स: X @UniversoAlex)
Priyanka Chopra The Bluff: बॉलीवुड की 'देसी गर्ल' प्रियंका चोपड़ा फिल्म इंडस्ट्री की सबसे चहेती अभिनेत्री में से एक हैं और अब हॉलीवुड में अपनी दमदार एक्शन दिखाने के लिए तैयार हैं। बता दें, काफी समय से चर्चा में रही उनकी अपकिमंग हॉलीवुड फिल्म 'द ब्लफ' (The Bluff) से प्रियंका का पहला लुक आखिरकार सामने आ गया है। इस फिल्म में वे अब तक के अपने सबसे अनोखे और दमदार अवतार में नजर आने वाली हैं। प्रियंका ने खुद सोशल मीडिया के जरिए फिल्म की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं।
एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वे 1800 के दशक की एक समुद्री डाकू (Pirate) के लुक में नजर आ रही हैं। एक फोटो में वे हाथ में तलवार लिए गुस्से में लड़ती नजर आ रही हैं, तो दूसरी तस्वीर में उनका चेहरा खून से लथपथ है और हाथ में बंदूक है। इन फोटोज को शेयर करते हुए प्रियंका ने कैप्शन में लिखा- "मां, रक्षक और समुद्री डाकू। मिलिए 'ब्लडी मैरी' से।"
बता दें, फिल्म में प्रियंका 'एर्सेल बॉडेन' नाम की महिला का रोल अदा कर रही हैं, जिसे फिल्म में 'ब्लडी मैरी' का नाम दिया गया है। वो एक पूर्व समुद्री डाकू है, जो अपने हिंसक अतीत को पीछे छोड़कर अपने परिवार के साथ शांति से रहना चाहती है, लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब उसके पुराने दुश्मन लूटा हुआ सोना और बदला लेने के लिए वापस लौट आते हैं। इसके बाद अपने परिवार की रक्षा के लिए 'ब्लडी मैरी' को एक बार फिर से खूंखार बनना पड़ता है।
इतना ही नहीं, प्रियंका के इस दमदार अवतार को देखकर उनके पति और पॉप स्टार निक जोनस भी तारीफ करने से खुद को नहीं रोक पाए। निक ने प्रियंका की फोटो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर कर लिखा, "मैं ये देखने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं कि पूरी दुनिया प्रियंका को इस फिल्म में धमाकेदार और दमदार काम करते हुए देखेगी।"
बता दें, रूसो ब्रदर्स के जरिए निर्मित और फ्रैंक ई. फ्लावर्स के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म एक्शन से भरपूर है। फिल्म में प्रियंका के साथ हॉलीवुड अभिनेता कार्ल अर्बन भी लीड रोल में हैं। 'द ब्लफ' 25 फरवरी को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो (Prime Video) पर रिलीज होने जा रही है। दरअसल, समुद्री डाकुओं की इस ऐतिहासिक और रोमांचक दुनिया में प्रियंका चोपड़ा को एक्शन करते देखना उनके भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फैंस के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं होगा।
Updated on:
08 Jan 2026 01:11 pm
Published on:
08 Jan 2026 01:11 pm
