9 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कीड़े के काटने के बाद अभी भी खतरे से बाहर नहीं हुए अभिनेता राजेश शर्मा, डॉक्टरों ने दिया हेल्थ अपडेट

Rajesh Sharma Health Update: अभिनेता राजेश शर्मा फिलहाल अस्पताल में ही भर्ती है। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें लगातार बुखार आ रहा है। क्या है उनका हेल्थ अपडेट, चलिए जानते हैं।
2 min read
Google source verification
Rajesh Sharma Hospitalised After Insect Bite

Rajesh Sharma Hospitalised After Insect Bite (सोर्स- @IDMb)

Rajesh Sharma Hospitalised After Insect Bite: हिंदी और बंगाली सिनेमा के जाने-माने अभिनेता राजेश शर्मा इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं। अभिनेता की तबीयत एक कथित कीड़े के काटने के बाद बिगड़ गई, जिसके कारण उनके पैर में तेजी से संक्रमण फैल गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन चिकित्सकों का कहना है कि अभी खतरा पूरी तरह टला नहीं है।

छोटी परेशानी समझकर कर दी थी अनदेखी

जानकारी के मुताबिक, राजेश शर्मा हाल ही में प्रभास स्टारर फिल्म 'फौजी' की शूटिंग के सिलसिले में हैदराबाद में थे। शूटिंग खत्म होने के बाद घने पेड़-पौधों वाले इलाके में मौजूद रहने के दौरान उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया। शुरुआत में उन्हें हल्की तकलीफ महसूस हुई, लेकिन उन्होंने इसे मामूली समझकर नजरअंदाज कर दिया।

करीब छह घंटे बाद उनके दाहिने पैर में तेज दर्द शुरू हुआ और संक्रमण तेजी से पैर की उंगली से घुटने तक फैल गया। इसके साथ ही प्रभावित हिस्से में सूजन और फफोले भी बनने लगे।

तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ

हैदराबाद से कोलकाता लौटने के दौरान अभिनेता की हालत और बिगड़ गई। उन्हें तेज बुखार आने लगा और सांस लेने में भी परेशानी महसूस हुई। इसके बाद उन्हें तुरंत कोलकाता के ढाकुरिया स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

डॉक्टरों ने बताई सबसे बड़ी चिंता

PTI के मुताबिक डॉक्टरों की मानें तो फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती संक्रमण को नियंत्रित करना है। साथ ही इस बात पर भी नजर रखी जा रही है कि उनके पैरों की नसों में खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) न बने। यदि ऐसा होता है और थक्का फेफड़ों तक पहुंच जाता है, तो स्थिति जानलेवा हो सकती है। इसी वजह से डॉक्टर उनकी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

परिवार ने साझा किया हेल्थ अपडेट

अभिनेता के परिवार की ओर से अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि राजेश शर्मा डॉक्टरों की निगरानी में हैं और परिवार लगातार अस्पताल में मौजूद है। उन्होंने यह भी कहा कि वह दिन में दो बार अस्पताल जाकर अभिनेता का हालचाल ले रही हैं।

राजेश शर्मा ने कई यादगार किरदार निभाए

राजेश शर्मा हिंदी और बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के सबसे भरोसेमंद कलाकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने 'खोसला का घोसला', 'बजरंगी भाईजान', 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय किया है। वहीं वे वेब सीरीज 'पाताल लोक' में भी अपने शानदार अभिनय के लिए खूब सराहे गए।

फिलहाल उनके प्रशंसक अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी, जिसके बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।