
रवीना टंडन ने बताया क्यों बदल गई बॉलीवुड कॉमेडी। (फोटो सोर्स: IMDb)
Raveena Tandon on 90s Comedy: 90 के दशक की पॉपुलर एक्ट्रेस रवीना टंडन इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म वेलकम टू द जंगल को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में बॉलीवुड की कई यादगार कॉमेडी फ़िल्मों का हिस्सा रहीं एक्ट्रेस रवीना टंडन ने कहा है कि 90 के दशक में ह्यूमर (मजाक) बेझिझक और बिना किसी पछतावे वाला होता था, जबकि आज की फिल्मों में ऐसा करना मुश्किल है, क्योंकि कोई नहीं जानता कि किस बात पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ जाए।
बड़े मियां छोटे मियां', 'आंटी नंबर 1', 'दूल्हे राजा' और 'परदेसी बाबू' जैसी कॉमेडी हिट फिल्मों को बॉलीवुड में अपने करियर की कामयाबी का क्रेडिट देने वाली रवीना टंडन का मानना है कि पिछले कुछ सालों में हालात बहुत बदल गए हैं और कॉमेडी के मायने भी अब पहले जैसे नहीं रहे।
PTI को दिए एक इंटरव्यू में रवीना ने कहा, "आज किसी को बुरा महसूस कराए बिना लोगों को हंसाना शायद रस्सी पर चलने जैसा मुश्किल काम है… 90 के दशक में हमारी फिल्मों में एक बेझिझक, मासूम और पूरी तरह से बेपरवाह मजाकिया अंदाज होता था। ची-ची (गोविंदा) और मैं पूरी तरह से सहज भाव से रिएक्ट करते थे। हम इस बारे में ज्यादा नहीं सोचते थे कि कोई मजाक 15 सेकंड की इंटरनेट क्लिप पर कैसा लगेगा या किसी लाइन से सोशल मीडिया पर बहस छिड़ जाएगी। 90 के दशक का वो रॉ, पूरी तरह से किरदार पर आधारित और बेबाक मजाक अब कम ही देखने को मिलता है क्योंकि फिल्ममेकर्स लगातार खुद पर शक करते रहते हैं। हम कुछ ज्यादा ही सावधान हो गए हैं, और कॉमेडी को खुलकर सांस लेने के लिए आजादी की जरूरत है।"
एक्ट्रेस ने आगे कहा, "कॉमेडी ने मुझे सहजता, मौके पर कुछ नया करने (इम्प्रोवाइजेशन) और स्क्रीन पर सारी झिझक छोड़ने की अहमियत सिखाई। यह एक बहुत कुछ देने वाला जॉनर है; अगर आप लोगों को सफलतापूर्वक हंसा सकते हैं, तो वो आपको हमेशा अपने दिल में बसा लेते हैं। अब 'वेलकम टू द जंगल' के साथ इसमें वापसी करना ऐसा लग रहा है जैसे पुराने दोस्तों से भरे कमरे में घर लौटना हो।"
हाल ही में रवीना टंडन ने अहमद खान की 'वेलकम टू द जंगल' से कॉमेडी में वापसी की है। ये एक मल्टी-स्टारर कॉमेडी फिल्म है जिसमें वो 'मोहरा' के अपने को-स्टार्स अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी के साथ फिर से नजर आईं हैं। 'वेलकम टू द जंगल', 'वेलकम' फ़्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म है। इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2007 में अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम' से हुई थी। इसके बाद 2015 में जॉन अब्राहम के साथ इसका सीक्वल 'वेलकम बैक' रिलीज हुआ था। इन दोनों फिल्मों में अनिल कपूर और नाना पाटेकर भी थे और इनका निर्देशन अनीस बज्मी ने किया था।
अहमद खान के निर्देशन में बनी यह नई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है और पिछले शुक्रवार को रिलीज होने के बाद से अब तक दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।
इस फ़िल्म में कई बड़े कलाकार शामिल हैं, जिनमें परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, जैकी श्रॉफ, दलेर मेहंदी, मीका सिंह, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, उर्वशी रौतेला, फरीदा जलाल, कृष्णा अभिषेक, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, विंदू दारा सिंह, किरण कुमार और ज़ाकिर हुसैन शामिल हैं।
Published on:
02 Jul 2026 06:26 pm
