
अनीत पड्डा के करीबी का निधन
Aneet Padda Grandfather Passes Away: फिल्म 'सैयारा' से बॉलीवुड में कदम रखने वाली अभिनेत्री अनीत पड्डा इस वक्त गहरे शोक में हैं। अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों का दिल जीतने वाली अनीत के घर मातम पसरा हुआ है उनके सिर से उनके सबसे प्यारे इंसान, उनके दादाजी का साया उठ गया है। अनीत के दादाजी लंबे समय से 'अल्जाइमर' जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, जिसके कारण उनकी याददाश्त धीरे-धीरे साथ छोड़ रही थी। यह वही बीमारी है जो सैयारा में अनीत पड्डा को दिखाई गई थी।
अनीत ने सोशल मीडिया पर अपने दादाजी के हाथ की एक बेहद बेहद प्यारी तस्वीर शेयर करते हुए इस दुखद खबर की जानकारी दी। उन्होंने इमोशनल होते हुए पोस्ट में लिखा, "मेरे जीवन का एकमात्र प्यार... आप मुझसे दूर जा रहे थे, लेकिन अपनी 'मक्खन' (अनीत का निकनेम) को नहीं भूले। भले ही आप यादें नहीं संभाल सके, लेकिन आपने प्यार को हमेशा थामे रखा। अब मैं उन यादों और प्यार, दोनों को ताउम्र अपने पास संभाल कर रखूंगी।"
अनीत ने आगे लिखा कि वह अपने दादाजी की दयालुता, उनके चुटकुलों और उनकी कहानियों को दुनिया के सामने हमेशा जिंदा रखेंगी। उन्होंने बहुत ही इमोशनल अंदाज में कहा, "आज मैंने आसमान में सबसे चमकता हुआ सितारा देखा और मैं समझ गई कि आप अब कहां हैं। मैं आपसे हमेशा प्यार करती रहूंगी।"
दिलचस्प और भावुक कर देने वाली बात यह है कि अनीत की डेब्यू फिल्म 'सैयारा' में उनका किरदार भी अल्जाइमर की बीमारी से ही जुड़ा था। फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने बताया था कि यह फिल्म उनके दिल के बहुत करीब है क्योंकि वह अपने घर में दादाजी को इस बीमारी से लड़ते हुए देख रही थीं। अनीत ने खुलासा किया था कि बीमारी की वजह से उनके दादाजी उनका असली नाम भूल चुके थे और उन्हें 'हीरापुत' या 'मक्खन' कहकर बुलाते थे।
जब अनीत की फिल्म रिलीज हुई, तब उनके दादाजी की तबीयत इतनी खराब थी कि वह थिएटर नहीं जा सके। लेकिन अनीत ने जब उन्हें फोन पर फिल्म के कुछ हिस्से दिखाए, तो उन्होंने अपनी पोती को पहचान लिया था और उनके चेहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान आ गई थी। अनीत के लिए वह उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा अवॉर्ड था।
अनीत पड्डा जल्द ही अहान पांडे के साथ निर्देशक मोहित सूरी की फिल्म 'सतरंगा' में नजर आने वाली हैं। अपने करियर की इस नई शुरुआत के बीच दादाजी का जाना अनीत के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। मनोरंजन जगत के तमाम सितारों और उनके प्रशंसकों ने इस दुख की घड़ी में अनीत को सांत्वना दी है और उनके दादाजी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
Published on:
21 Apr 2026 09:06 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
