
Saiyaara Film Copy Allegation: रिलीज के 9 महीने बाद ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सैयारा' पर लगा कंटेंट कॉपी का आरोप। (फोटो सोर्स: amitjadhav06 and IMDb)
Saiyaara Film Copy Allegation: एक्टर-सिंगर अमित जाधव ने आरोप लगाया है कि 2025 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सैयारा', जिसमें अहान पांडे और अनीत पड्डा मुख्य किरदारों में हैं, वो उनकी 2019 की शार्ट फिल्म 'ख्वाबों' की कॉपी है। जाधव का दावा है कि दोनों कहानियों में समानता होने के बावजूद उन्हें इसका कोई क्रेडिट नहीं दिया गया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले भी इस मुद्दे को उठाने की कोशिश की थी, लेकिन मेकर्स की ओर से उनको कोई जवाब नहीं मिला।
हाल ही में एचटी सिटी से बात करते हुए जाधव ने दावा किया कि 2022 में यश राज फिल्म्स के टैलेंट डिवीजन ने उनसे कॉन्टैक्ट किया था, हालांकि, कॉन्टैक्ट करने का कारण कभी नहीं बताया गया।
उन्होंने कहा, "मैंने पिछले साल भी इस मुद्दे को उठाने की कोशिश की थी। दरअसल, मुझे 2022 में YRF टैलेंट से इंस्टाग्राम पर एक डायरेक्ट मैसेज मिला था, जिसमें वो मुझसे बात करना चाहते थे। मैंने उनसे पूछा कि वो किस प्रोजेक्ट के लिए मुझसे कॉन्टैक्ट कर रहे हैं, तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। मैं वहां किसी को नहीं जानता था, न ही मैंने कोई ऑडिशन दिया था जिसके लिए वो मुझसे बात करें।"
जाधव ने आगे कहा, "सैयारा की रिलीज के एक हफ्ते बाद, मेरे दोस्तों ने मुझे फोन किया और कहा 'तेरा तो कहानी वही थी'। मैं हैरान रह गया। मैंने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, यहां तक कि उनके ऑफिस भी गया, लेकिन मेरे दोस्तों ने कहा कि वो मेरी बात नहीं सुनेंगे और न ही जवाब देंगे।"
एक्टर-सिंगर ने बताया कि इस घटना ने उनके मानसिक स्वास्थ्य पर गहरा असर डाला। उनके अनुसार, वो पिछले कई सालों से अपनी एक शार्ट स्टोरी को बड़ी फिल्म में बदलने की कोशिश कर रहे थे।
'मैं एक गायक हूं, इसलिए मुझे काम मिलता रहा, और इसी वजह से मैं थोड़ा निश्चिंत हो गया था। लेकिन एक दिन मैंने लगभग आत्महत्या कर ली। मैं नशे में धुत था, मेरे माता-पिता ने मुझे देख लिया और इस तरह मेरी जान बच गई। मुझे ऐसा लगा जैसे दुनिया मुझे सफल नहीं होने देना चाहती। मुझे किसी भी ऑडिशन के लिए नहीं बुलाया गया।'
जाधव ने आगे बताया कि वो इस कहानी पर आधारित एक स्क्रिप्ट तैयार कर रहे थे और अपने इस प्रोजेक्ट के लिए निर्माताओं को भी राजी कर लिया था। हालांकि, 'सैयारा' की रिलीज ने उनकी पूरी प्लानिंग पर पानी फेर दिया।
स्क्रिप्ट को ऑफिशियली रजिस्टर्ड कराने की जाधव ने कहा, हालांकि, वो स्क्रिप्ट स्क्रीनराइटर असोसिएशन के सदस्य हैं, लेकिन उन्होंने उस समय कहानी को रजिस्टर नहीं कराया था क्योंकि उनकी शार्ट फिल्म पहले ही ऑनलाइन रिलीज हो चुकी थी।
“मैं पटकथा लेखक संघ का सदस्य हूं, लेकिन नहीं, मैंने 2019 में कहानी को पंजीकृत नहीं कराया था क्योंकि यह एक शार्ट फिल्म थी और ऑनलाइन रिलीज हो चुकी थी, जो एक सबूत भी है।”
उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म की रिलीज के बाद उन्होंने यश राज फिल्म्स से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। “मैंने ईमेल में लिखा था कि मुझे 2022 में भी उनसे एक ईमेल मिला था, और 'सैयारा' की कहानी मेरी कहानी से मिलती-जुलती है, इसका एक्सप्लेनेशन दीजिए। मैंने दो बार ईमेल किया, कोई जवाब नहीं मिला।”
फिलहाल, जाधव का कहना है कि वह सिर्फ अपने काम की पहचान चाहते हैं। 'मुझे कुछ श्रेय मिलना चाहिए। या कम से कम किसी प्रोजेक्ट में मुझे कोई रोल मिल जाए। बस यही मेरी ख्वाहिश है।'
निर्देशक मोहित सूरी और यश राज फिल्म्स ने जाधव के दावों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
मोहित सूरी द्वारा निर्देशित, 'सैयारा' एक रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म है जो एक सिंगर कृष कपूर और दिल टूटने के दर्द से उबर रही सॉन्ग राइटर वाणी बत्रा की कहानी कहती है। फिल्म में कृष जब वाणी के गानों को कम्पोज करता है तो उनकी जिंदगी आपस में जुड़ जाती है, लेकिन उनके रिश्ते में टर्निंग पॉइंट तब आता है जब वाणी को कम उम्र में ही अल्जाइमर हो जाता है और वो सब कुछ भूल जाती है।
Updated on:
13 Mar 2026 07:15 pm
Published on:
13 Mar 2026 07:15 pm
