19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बाबा सिद्दीकी की मौत के बाद टूटकर बिखर गए थे सलमान खान, दर्द में पूरी की ‘सिकंदर’ की शूटिंग, अभिनेता विशाल वशिष्ठ का खुलासा

Salman Khan During Sikandar Shoot: अभिनेता सलमान खान को लेकर सिकंदर में नजर आ चुके अभिनेता विशाल वशिष्ठ ने खुलासा किया है। उन्होंने बताया कैसे सलमान फिल्म की शुटिंग के दौरान पूरी तरह से टूट चुके थे।

2 min read
Google source verification
Salman Khan Broke Down After Baba Siddique Death

Salman Khan Broke Down After Baba Siddique Death (सोर्स- @एक्स)

Salman Khan Emotional After Baba Siddique Death: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान को अक्सर उनके दमदार अंदाज और काम के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता है, लेकिन फिल्म 'सिकंदर' की शूटिंग के दौरान वो काफी दर्द में थे। एक तरफ निजी जिंदगी में गहरा सदमा था, तो दूसरी ओर शारीरिक तकलीफ और सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं भी लगातार उनका पीछा कर रही थीं। इन सबके बावजूद सलमान खान ने अपने काम से दूरी नहीं बनाई और शूटिंग जारी रखी। इस फिल्म से जुड़ा किस्सा अब एक्टर ने बताया है।

विशाल वशिष्ठ ने किया खुलासा

हाल ही में 'सिकंदर' में नजर आए अभिनेता विशाल वशिष्ठ ने 'फ्री प्रेस जर्नल' के साथ इंटरव्यू में सलमान खान के उस संघर्ष के बारे में खुलकर बात की, जिसे उन्होंने अपनी आंखों से देखा। विशाल ने बताया कि फिल्म की शूटिंग ऐसे समय में हो रही थी जब सलमान खान अपने करीबी दोस्त और नेता बाबा सिद्दीकी के निधन के दुख से गुजर रहे थे। इसके अलावा उन्हें पसलियों में गंभीर चोट भी थी, जिसकी वजह से सामान्य गतिविधियां करना भी मुश्किल हो गया था।

मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक रूप से थके हुए थे सलमान

विशाल वशिष्ठ के मुताबिक, सलमान खान मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक रूप से बेहद थके हुए थे। कई बार उन्हें धीरे-धीरे चलते हुए देखा जाता था। किसी तरह वह सीन पूरा करते और जैसे ही कैमरा बंद होता, वह तुरंत फिजियोथेरेपी के लिए चले जाते थे। एक्शन सीक्वेंस करने के लिए उनका सक्रिय रहना जरूरी था, इसलिए दर्द के बावजूद वह खुद को संभालने की कोशिश करते रहे।

कुर्सी से उठना तक था मुश्किल

विशाल ने बताया कि फिल्म के शुरुआती हिस्सों की शूटिंग के दौरान सलमान खान को कुर्सी से उठने और बैठने में भी परेशानी होती थी। सेट पर मौजूद लोग कई बार उनका इंतजार करते थे, लेकिन किसी को भी ऐसा नहीं लगता था कि वह जानबूझकर देर कर रहे हैं। सभी जानते थे कि वह मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं और फिर भी काम के लिए पूरी ईमानदारी के साथ मौजूद रहते थे।

इससे पहले फिल्म के निर्देशक ए.आर. मुरुगादॉस भी शूटिंग में आई चुनौतियों का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने बताया था कि कई बार सलमान खान शाम को सेट पर पहुंचते थे, जिसके कारण दिन में होने वाले सीन रात में शूट करने पड़ते थे। हालांकि विशाल वशिष्ठ का कहना है कि इन देरी के पीछे वास्तविक कारण थे और सलमान खान की हालत को समझना जरूरी है।

सुरक्षा घेरे और निजी परेशानियों के बीच जारी रखा काम

विशाल ने ये भी कहा कि हर समय भारी सुरक्षा के बीच रहना भी किसी के लिए आसान नहीं होता। बाहरी खतरों और निजी दुखों के बीच सलमान खान जिस तरह काम करते रहे, वो उनके लिए प्रेरणा की तरह है। इतने लंबे करियर के बाद भी उन्होंने अपने प्रोफेशन के प्रति वही समर्पण दिखाया, जो किसी नए कलाकार में देखने को मिलता है।