
संजय दत्त और नोरा फतेही का गाना यूट्यूब से हटा
Nora Fatehi Song: फिल्म 'केडी द डेविल' के गाने ने रिलीज होते ही मनोरंजन जगत में भूचाल ला दिया है। नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माए गए इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर इतना गुस्सा फूटा कि मेकर्स को घुटने टेकने पड़े। जबरदस्त ट्रोलिंग और कानूनी कार्रवाई की मांग के बीच, 17 मार्च की सुबह इस गाने के ऑफिशियल हिंदी वर्जन को यूट्यूब से पूरी तरह हटा दिया गया है।
गाने के बोल "सरके चुनर तेरी सरके" ने पिछले दो दिनों से इंटरनेट पर बहस छेड़ रखी थी। विवाद की असली वजह इसकी 'डबल मीनिंग' यानी दोहरे अर्थ वाली अश्लील लिरिक्स थी। गाने में एक तरफ नोरा फतेही डांस कर रही थीं, तो दूसरी तरफ संजय दत्त अपने सिग्नेचर स्टाइल में "खलनायक हूं मैं" बोलते दिख रहे थे। हालांकि, रकीब आलम द्वारा लिखे गए इस गाने के बोल— "पहले उठाले, अंदर वो डाले, नीचे एक बूंद न गिराए" ने दर्शकों को बुरी तरह भड़का दिया।
मेकर्स का दावा था कि इसमें शराब की बात हो रही है, लेकिन आम जनता और विशेषज्ञों ने इसे सीधे तौर पर अश्लीलता का टैग दे दिया। सोशल मीडिया पर लोग इसे "डबल मीनिंग नहीं, बल्कि घटिया अश्लीलता" बताने लगे।
इस गाने के खिलाफ सिर्फ आम जनता ही नहीं, बल्कि कई बड़ी हस्तियां भी सामने आईं। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने तीखा सवाल उठाया कि क्या कोई भी सभ्य परिवार एक साथ बैठकर इस गाने को देख सकता है? वहीं, मशहूर सिंगर अरमान मलिक ने भी ट्वीट कर निराशा जताई। उन्होंने लिखा कि "कमर्शियल सॉन्ग राइटिंग का स्तर कितना नीचे गिर गया है।" कई यूजर्स ने तो इस गाने की तुलना निम्न स्तर के भोजपुरी गानों से करते हुए इसे तुरंत बैन करने की मांग की थी।
हाल के दिनों में यह दूसरा बड़ा मामला है जब किसी बड़े गाने को विवाद के कारण हटाना पड़ा हो। इससे पहले रैपर बादशाह का गाना 'टटीरी' भी स्कूली ड्रेस में लड़कियों को दिखाने और अपनी लिरिक्स की वजह से विवादों में घिरा था।
बादशाह को भी महिला आयोग और बाल आयोग के नोटिस झेलने पड़े थे। अब 'केडी द डेविल' के मेकर्स पर भी कानूनी तलवार लटक रही है। फिलहाल गाना यूट्यूब से गायब है, लेकिन इस विवाद ने एक बार फिर बॉलीवुड में 'आइटम नंबर्स' के गिरते स्तर पर बड़ी बहस छेड़ दी है।
Updated on:
17 Mar 2026 12:15 pm
Published on:
17 Mar 2026 12:15 pm
