
सारा अर्जुन ( फोटो सोर्स: इंस्टाग्राम)
Sara Arjun On Age Gap Controversy: आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई थी और यह 2025 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक साबित हुई। फिल्म के लगभग सभी किरदारों को दर्शकों से खूब सराहना मिली, हालांकि कुछ पहलुओं को लेकर फिल्म को आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा। इन्हीं मुद्दों में से एक पर अब फिल्म की लीड एक्ट्रेस सारा अर्जुन ने बात की है।
फिल्म के पहले लुक, टीजर के सामने आते ही इसके लीड एक्टर्स रणवीर सिंह और सारा अर्जुन के बीच करीब 20 साल के उम्र के अंतर को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई थी। अब एन डी टीवी से बातचीत के दौरान सारा अर्जुन ने पहली बार इस एज गैप विवाद पर अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि फिल्म रिलीज होने से पहले वह सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर थीं, जिसकी वजह से उम्र के अंतर को लेकर हो रही आलोचना और ट्रोलिंग उन तक पहुंच ही नहीं पाई।
सारा ने कहा, “सारा शोर सोशल मीडिया पर ही होता है, है ना? और मैं वहां ज्यादा एक्टिव नहीं हूं। मैंने इसमें ज्यादा हिस्सा नहीं लिया। मुझे लगता है कि हर किसी की अपनी-अपनी राय होती है। मैं ‘जियो और जीने दो’ में विश्वास करती हूं। यह उनकी राय है और इससे मेरे विचारों पर कोई फर्क नहीं पड़ता। मुझे कहानी पता थी और मुझे लगा कि उम्र का अंतर जायज है।”
सारा अर्जुन ने आगे बताया कि वह जानबूझकर इस तरह की चर्चाओं से खुद को दूर रखती हैं। उन्होंने कहा, “मैं इन सब चीजों से थोड़ी दूरी बनाए रखती हूं। मेरे माता-पिता मुझे अच्छी-अच्छी चीजें दिखाते हैं और मैं उन्हें एंजॉय करती हूं। मैं आज भी सोशल मीडिया पर बहुत कम एक्टिव हूं। सोशल मीडिया की खबरें पढ़ने की बात करें तो ये सब फिल्म रिलीज से पहले की बातें हैं, उस वक्त मैं शायद ही कुछ चेक करती थी।”
सारा अर्जुन ने बेहद कम उम्र में ही शोबिज की दुनिया में कदम रख दिया था। उन्होंने महज 18 महीने की उम्र में एड फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने तमिल और हिंदी सिनेमा के साथ-साथ तेलुगु और मलयालम फिल्मों में भी काम किया। सारा की उल्लेखनीय फिल्मों में ‘शैवम’, ‘एक थी डायन’, ‘सांड की आंख’, ‘पोन्नियिन सेलवन’ और हाल ही में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ शामिल हैं।
फिल्म ‘धुरंधर’ में सारा अर्जुन ने पाकिस्तानी राजनेता जमील जमाली (राकेश बेदी) की बेटी यालिना जमाली का किरदार निभाया है। कहानी में रणवीर सिंह का किरदार यालिना को अपने प्यार में फंसाने की साजिश रचता है और आगे चलकर दोनों की शादी हो जाती है। सारा 19 मार्च को रिलीज हो रही धुरंधर 2 में भी दिखाई देंगी।
Updated on:
21 Jan 2026 03:07 pm
Published on:
21 Jan 2026 03:07 pm
