
सोहा अली खान ने किया शादी पर खुलासा
Soha Ali Khan on Sharmila Tagore wedding advice: पटौदी खानदान की लाडली औरबॉलीवुड एक्ट्रेस सोहा अली खानऔर उनके पति कुणाल खेमू की जोड़ी को फिल्म इंडस्ट्री के सबसे समझदार और प्यारे कपल्स में गिना जाता है। जनवरी 2015 में शादी के बंधन में बंधे इस जोड़े की एक प्यारी सी बेटी भी है, जिसका नाम इनाया खेमू है। अक्सर लोग सोहा और कुणाल की मजबूत बॉन्डिंग का राज जानना चाहते हैं। अब सालों बाद खुद सोहा ने अपनी मां, दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर द्वारा दिए गए उस 'शादी के मंत्र' का खुलासा किया है, जिसने उनकी वैवाहिक जिंदगी को खुशहाल बनाए रखा।
दरअसल, आज इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर और राइटर कुणाल खेमू 25 मई को अपना 43वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। उनके बर्थडे पर पत्नी सोहा का एक हाल ही में दिया बयान चर्चा में आ गया है, जो उन्होंने अपनी बेहद करीबी दोस्त और अभिनेत्री नेहा धूपिया के साथ 'द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया' के एक चैट शो दिया था। सालों पुरानी इस दोस्ती के बीच दोनों ने अपनी-अपनी शादियों को लेकर खुलकर मजेदार बातें कीं।
बातचीत के दौरान नेहा धूपिया ने एक दिलचस्प राज खोलते हुए बताया कि जब वह अंगद बेदी से शादी करने जा रही थीं, तब सोहा ने उन्हें एक खास हिदायत दी थी। नेहा ने कहा, "मेरी शादी के वक्त सोहा ने मुझसे कहा था कि याद रखना नेहा, पुरुषों का अहंकार (ईगो) बहुत नाजुक होता है। इसलिए उनके सामने हमेशा सोच-समझकर बोलना।"
नेहा की इस बात पर हंसते हुए सोहा ने साफ किया कि यह उनका खुद का ज्ञान नहीं था, बल्कि यह सलाह उन्हें उनकी मां शर्मिला टैगोर ने दी थी। सोहा ने बताया, "मेरी मां ने मुझसे कहा था कि एक सफल रिश्ते के लिए महिला को हमेशा पुरुष के अहंकार का ख्याल रखना चाहिए और पुरुष को महिला की भावनाओं की कद्र करनी चाहिए। अगर दोनों इस संतुलन को बना लें, तो रिश्ता कभी नहीं टूटेगा।"
हालांकि, सोहा ने आज के दौर के हिसाब से इस बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, "बेशक, आज की जनरेशन इस बात पर तर्क कर सकती है कि महिलाओं में भी ईगो होता है और पुरुषों के पास भी भावनाएं होती हैं, जो कि बिल्कुल सच है। लेकिन मेरी मां ने यह बात बहुत अच्छे इरादे से कही थी। शादी निभाना एक बड़ी चुनौती है, और ऐसे में जब आपके पास सोचे-समझे दोस्तों का साथ हो, तो जिंदगी आसान हो जाती है।"
इसी इंटरव्यू में सोहा ने अपनी मां शर्मिला टैगोर के उस दौर पर भी बात की जब वह बच्चे होने के बाद भी फिल्मों में लगातार काम कर रही थीं। सोहा ने बताया कि एक कामकाजी मां यानी वर्किंग मदर होना कितना मुश्किल होता है। उन्होंने एक किस्सा शेयर करते हुए कहा, "कभी-कभी मां शूटिंग के चक्कर में हफ्तों तक मेरे भाई सैफ अली खान से नहीं मिल पाती थीं। जब वह थकी-हारी घर लौटतीं कि बच्चे को सुला सकें, तो भाई नाराज होकर कह देता था, 'मुझे तुम्हारी जरूरत नहीं है।' यह एक मां के लिए बहुत भावुक और तनाव भरा पल होता था।" सोहा का यह इंटरव्यू आज सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
Updated on:
25 May 2026 10:37 am
Published on:
25 May 2026 10:37 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
