
सोनू निगम ने NEET पेपर लीक पर दिया बयान (Photo Source- ANI)
Sonu Nigan On NEET Paper Leak: देश भर में उस समय बवाल मचा हुआ था जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक को लेकर आंदोलन चल रहा था। आधे से ज्यादा बॉलीवुड उस प्रदर्शन के सपोर्ट में उतर आया था, लेकिन इसी बीच एक इवेंट में जब सोनू निगम से सवाल पूछा गया तो उन्होंने जवाब देने से मना कर दिया, जिसके बाद सिंगर को ट्रोल किया गया था। अब उसी को लेकर सोनू निगम ने पूरे मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि उन्होंने उस वक्त बयान क्यों नहीं दिया था और वह क्यों चिढ़ गए थे।
हाल ही में 'बॉम्बे टाइम्स' संग सोनू निगम ने खास बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने साफ किया कि हर बातचीत का एक सही समय और सही मंच होता है। उन्होंने कहा, "मुंबई में पिछले 30 सालों के करियर में मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के कुछ बेसिक नियम सीखे हैं। हमेशा उस कार्यक्रम के मुख्य एजेंडे पर ही बात करनी चाहिए और विषय से भटकना नहीं चाहिए।"
सोनू निगम ने बताया कि वह उस समय गजल गायक स्वर्गीय पंकज उधास को श्रद्धांजलि देने के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने कहा, "जब आप अपने गुरु पंकज उधास जी को श्रद्धांजलि देने आए हों, तो वहां राजनीति या किसी अन्य मुद्दे पर बात करना मेरी नजर में उनका अनादर होता। इसके अलावा मैंने अपने पिता से भी वादा किया है कि मैं कभी भी किसी ऐसे विषय पर टिप्पणी नहीं करूंगा, जिसकी मुझे पूरी जानकारी न हो।"
ट्रोलर्स को जवाब देते हुए सोनू निगम ने कहा कि उन्होंने कई मुद्दों पर आवाज उठाई है, और अपनी जिंदगी में काफी स्टैंड लिए हैं। उन्होंने कहा, "मेरे फोन में सोशल मीडिया नहीं है। इसके अलावा, मैंने अपनी जिंदगी में कई फैसले खुद लिए हैं और सिस्टम में कई बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाई है। धार्मिक जगहों पर लाउडस्पीकर के खिलाफ आवाज उठाने से लेकर कलाकारों को रॉयल्टी के अधिकार तक, मैंने अकेले ही बिल्ली के गले में घंटी बांधी है। अब दूसरों को हिम्मत वाला स्टैंड लेने दें और देखें कि वह क्या बदलाव ला सकते हैं।"
गौरतलब है कि जुलाई में जब देश भर के छात्र NEET परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों के खिलाफ सड़कों पर थे, तब कई फिल्मी हस्तियों और संगीतकारों ने छात्रों का समर्थन किया था। कई ने दिल्ली पहुंचकर छात्रों का हौसला बढ़ाया था और ऐसे माहौल में जब रिपोर्टर्स ने सोनू निगम से सवाल किया तो उन्होंने "अभी हो गया बस" कहकर बात टाल दी थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें खरी-खोटी सुनाई थी। यूजर्स ने उन्हें "बिना रीढ़ की हड्डी वाला सेलिब्रिटी" तक कह दिया था। हालांकि, सोनू निगम के फैंस ने उनका बचाव करते हुए कहा था कि हर मशहूर हस्ती को हर राजनीतिक या संवेदनशील मुद्दे पर बोलने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
Updated on:
12 Aug 2026 10:42 am
Published on:
12 Aug 2026 10:36 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
