
Talwiinder On Relationship With Disha Patani (सोर्स- @tahirjasus)
Talwiinder On Relationship With Disha Patani: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक तलविंदर सिंह सिद्धू उर्फ तलविंदर इन दिनों सिर्फ अपने गानों की वजह से ही नहीं बल्कि अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी खूब चर्चा में हैं। हाल ही में बेंगलुरु में हुए एक म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने वहां मौजूद हजारों फैंस को एक्साइटेड कर दिया। जब भीड़ ने एक साथ बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी का नाम लेना शुरू किया तो सिंगर तलविंदर खुद को मुस्कुराने और शर्माने से नहीं रोक पाए।
दरअसल रविवार यानी 15 मार्च को बेंगलुरु में आयोजित 'यूएन 40' म्यूजिक फेस्टिवल में तलविंदर अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे। ये भारत के बड़े म्यूजिक फेस्टिवल्स में से एक माना जाता है, जहां देश-विदेश के कई कलाकार हिस्सा लेते हैं। जैसे ही तलविंदर स्टेज पर गाना गा रहे थे, दर्शकों की भीड़ अचानक दिशा पाटनी का नाम लेने लगी। फैंस की इस शरारत पर तलविंदर के चेहरे पर मुस्कान आ गई और वो हल्के से शरमा गए।
भीड़ लगातार दिशा का नाम लेकर उन्हें चिढ़ाती रही। इस पर सिंगर ने मजाकिया अंदाज में माइक पर कहा, 'सुधर जाओ।' उनका ये जवाब सुनते ही वहां मौजूद लोग और जोर से चिल्लाने लगे और पूरा माहौल तालियों और हंसी से गूंज उठा। इस पूरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
तलविंदर अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वो अक्सर स्टेज पर स्कल फेस पेंट के साथ परफॉर्म करते हैं और पब्लिक अपीयरेंस के दौरान मास्क पहनकर नजर आते हैं ताकि उनकी पहचान कुछ हद तक छिपी रहे। लेकिन हाल के महीनों में उनकी पर्सनल लाइफ ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। 'ताहिर जासूस' समेत कई पैपराजी पेजिस पर ये वीडियो शेयर किया गया है।
दरअसल इस साल की शुरुआत में तलविंदर और दिशा पाटनी को लेकर डेटिंग की खबरें सामने आई थीं। दोनों को एक साथ कई जगहों पर देखा गया, जिसके बाद अफवाहों का दौर शुरू हो गया। इन चर्चाओं को उस समय और हवा मिली जब एक बड़े म्यूजिक फेस्टिवल में दोनों हाथों में हाथ डाले नजर आए। उसी दौरान तलविंदर ने पहली बार बिना मास्क के भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी।
हालांकि अपने रिश्ते को लेकर तलविंदर ने ज्यादा खुलकर बात करने से परहेज किया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वो और दिशा अभी एक-दूसरे को समझने की प्रक्रिया में हैं और किसी तरह के दबाव या अफवाहों से प्रभावित नहीं होना चाहते। उनके मुताबिक लोग जो कहना चाहते हैं कहें, लेकिन वह फिलहाल अपनी निजी जिंदगी को लेकर ज्यादा कुछ साझा नहीं करना चाहते।
जब उनसे प्यार और रिश्तों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने दिलचस्प जवाब दिया। सिंगर ने कहा कि वो हर दिन प्यार में पड़ते हैं और ये एहसास उन्हें हर पल नया लगता है। उनके इस बयान ने भी फैंस के बीच काफी चर्चा बटोरी थी।
दूसरी ओर दिशा पाटनी का नाम पहले अभिनेता टाइगर श्रॉफ के साथ लंबे समय तक जुड़ता रहा है। दोनों की जोड़ी बॉलीवुड की चर्चित जोड़ियों में से एक मानी जाती थी। हालांकि बाद में दोनों के अलग होने की खबरें सामने आईं।
अब तलविंदर और दिशा को लेकर चल रही चर्चाएं फैंस के बीच जिज्ञासा बढ़ा रही हैं। बेंगलुरु के इस कॉन्सर्ट का वायरल वीडियो एक बार फिर इस बात का सबूत है कि फैंस अपने पसंदीदा सितारों की निजी जिंदगी को लेकर कितने उत्सुक रहते हैं।
Updated on:
16 Mar 2026 01:22 pm
Published on:
16 Mar 2026 01:20 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
