
विक्की कौशल करेंगे धुरंधर 2 में कैमियो
Vicky Kaushal In Dhurandhar 2: साल 2025 में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी-बड़ी फिल्मों को मात देने वाली और गर्दा उड़ाने वाली फिल्म धुरंधर का जल्द दूसरा पार्ट धुरंधर 2 आने वाला है। जिसे लेकर फैंस बेहद एक्साइटेड नजर आ रहे हैं। अब धुरंधर 2 को लेकर एक ऐसा बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसे सुनकर फैंस का एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुंच गया है। खबर है कि विक्की कौशल धुरंधर 2 में अहम और धमाकेदार रोल निभाएंगे। उनका किरदार क्या होगा? इसकी भी जानकारी सामने आ रही है।
ताजा रिपोर्ट्स और टैब्लॉइड्स के मुताबिक, विक्की कौशल 'धुरंधर 2' में अपने करियर के सबसे यादगार किरदार मेजर विहान शेरगिल (फिल्म 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक') को दोबारा पर्दे पर जिएंगे। आदित्य धर, जिन्होंने 'उरी' का निर्देशन किया था, अब अपनी स्पाई ड्रामा 'धुरंधर' के साथ एक बड़ा यूनिवर्स बनाने की तैयारी में हैं।
दिलचस्प बात यह है कि विक्की ने अपने हिस्से की शूटिंग 'धुरंधर' के पहले पार्ट की रिलीज से पहले ही गुपचुप तरीके से पूरी कर ली थी। हालांकि, निर्देशक आदित्य धर ने इस सरप्राइज को अब तक पूरी तरह राज रखा है।
वहीं, मिड-डे की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म में विक्की कौशल का रोल सिर्फ चंद सेकंड का नहीं, बल्कि एक 'एक्सटेंडेड कैमियो' होगा, जिसमें वह जबरदस्त एक्शन करते नजर आएंगे। सूत्रों के हवाले से खबर है कि आदित्य धर ने बड़ी चतुराई से 2016 की 'उरी' की टाइमलाइन को 'धुरंधर' की कहानी से जोड़ा है। हालांकि, यह अभी साफ नहीं है कि फिल्म में विक्की और रणवीर सिंह का आमना-सामना होगा या नहीं, लेकिन यह कैमियो भविष्य में किसी बड़ी 'स्पिन-ऑफ' फिल्म की नींव जरूर रखेगा।
विक्की कौशल और आदित्य धर की जोड़ी हमेशा से हिट रही है। 'द इमॉर्टल अश्वत्थामा' के बंद होने के बाद फैंस इन दोनों को साथ देखने के लिए बेताब थे, और अब 'धुरंधर 2' में मेजर विहान की वापसी किसी तोहफे से कम नहीं है।
'धुरंधर 2 - द रिवेंज' 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसी दिन बॉक्स ऑफिस पर साउथ सुपरस्टार यश की मच-अवेटेड फिल्म 'टॉक्सिक' भी रिलीज हो रही है। ऐसे में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गजों के साथ अब विक्की कौशल का जुड़ना फिल्म के पलड़े को भारी कर सकता है। फिल्म के टीजर को सेंसर बोर्ड (CBFC) से 'A' सर्टिफिकेट मिल चुका है और उम्मीद है कि जल्द ही इसे आधिकारिक तौर पर रिलीज किया जाएगा।
Updated on:
21 Jan 2026 09:41 am
Published on:
21 Jan 2026 09:41 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
