
ममता बनर्जी को लेकर फूटा विवेक अग्निहोत्री का गुस्सा
Vivek Agnihotri On Bangal Election Mamata Banerjee loses: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आए हालिया भूकंप ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का अपने ही गढ़ भवानीपुर में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी से हार जाना किसी बड़े उलटफेर से कम नहीं है। इस चुनावी नतीजे के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है, लेकिन सबसे तीखा हमला फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने किया है।
चुनाव नतीजे आने के ठीक एक दिन बाद विवेक अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए उन संघर्षों को याद किया, जो उन्होंने बंगाल में अपनी फिल्मों की रिलीज के दौरान झेले थे। विवेक ने दावा किया कि ममता सरकार ने जानबूझकर उन्हें और उनकी फिल्मों को निशाना बनाया था।
उन्होंने अपने लंबे नोट में लिखा, "जो लोग नहीं जानते, उन्हें बता दूँ कि 'द कश्मीर फाइल्स' के समय ममता बनर्जी ने मुझे बंगाल में पूरी तरह बैन कर दिया था। फिल्मों को सिनेमाघरों से जबरन हटा दिया गया और मुझे राज्य में घुसने तक की इजाजत नहीं दी गई। पिछले साल जब हमने 'द बंगाल फाइल्स' बनाई, तो उस पर भी पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई। हमारे ट्रेलर लॉन्च को रोका गया, हम पर हमले हुए और मेरे खिलाफ दर्जनों एफआईआर (FIR) दर्ज की गईं।" विवेक ने यहां तक कहा कि वह डर और दबाव के कारण राज्यपाल से अपना अवॉर्ड लेने तक नहीं जा सके थे।
विवेक ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि जब उनकी फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' पर सरकार ने रोक लगाई थी, तब उन्होंने हार मानने के बजाय एक अलग रास्ता चुना। उन्होंने लिखा, "हमने सुनिश्चित किया कि बंगाल के कोने-कोने में लोगों को यह फिल्म (चुपके से) दिखाई जाए। मुझे खुशी है कि हमने अपनी लड़ाई लड़ी और आज यह ऐतिहासिक जीत मिली है। बंगाल के महान लोगों को बधाई, अब आप बिना डरे सिर उठाकर चल सकते हैं।"
सितंबर 2025 में रिलीज हुई फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' पश्चिम बंगाल के हिंसक राजनीतिक इतिहास पर आधारित है। फिल्म में राज्य में हुई हिंसा, सांप्रदायिक तनाव और चश्मदीदों के बयानों को बेहद कड़ाई से दिखाया गया है। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर और पल्लवी जोशी जैसे दिग्गज कलाकारों ने काम किया है।
विवेक अग्निहोत्री के इस पोस्ट के बाद अब सोशल मीडिया पर 'द बंगाल फाइल्स' को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने की मांग उठने लगी है। लोगों का कहना है कि अब जब राज्य की सत्ता समीकरण बदल रहे हैं, तो इस फिल्म को बड़े पर्दे पर आने का मौका मिलना चाहिए।
Published on:
05 May 2026 11:06 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
