
Sunny Deol Chunky Pandey
नई दिल्ली: बॉलीवुड के मस्तमौला एक्टर चंकी पांडे कई सालों से फिल्म इंडस्ट्री में काम करते आ रहे हैं। उन्होंने कई बड़े एक्टर के साथ काम किया है और उनके किरदार को लोग काफी पसंद करते हैं। चंकी पांडे का एक किस्सा काफी फेमस है, जब एक्टर सनी दिओल ने उनकी विदेशी सिगरेट चुराकर फ्लाइट में बांट दी थी। जिसके बाद उन्हें गुस्सा आ गया था।
सनी दिओल ने बांट दी सारी सिगरेट
चंकी पांडे ने इस मजेदार किस्से को एक इंटरव्यू के दौरान बताया था। एक्टर ने बताया कि यह उस वक्त की बात है, जब वे राजीव राय के निर्देशन में बनी फिल्म 'विश्वात्मा' (1992) की शूटिंग पूरी कर नैरोबी से वापस मुंबई लौट रहे थे। टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ अपने इंटरव्यू में चंकी ने कहा, मैंने नैरोबी से ढेर सारी सिगरेट खरीदी थीं। फ्लाइट में बैठने के बाद मैं सोने चला गया था। तभी अचानक कोई मेरे पास आता है और मुझे जगाकर बताता है कि सनी फ्लाइट में सिगरेट बांट रहा है। सनी सिगरेट नहीं पीते थे इसलिए मेरे पास ढेर सारी सिगरेट होने के बावजूद मैंने सोचा कि मुझे अपना हिस्सा तो मिलना चाहिए।
चंकी ने आगे बताया कि जब प्लेन रनवे पर आया तब मुझे एहसास हुआ कि मेरी सिगरेट पैसेंजर्स में बांटी हैं। मुझे गुस्सा आ गया। फिर सनी मेरे पास आया और बोला- 'तुम्हे दयालू होना चाहिए। तुम्हे हमेशा शेयर करना चाहिए।' इसके तुरंत बाद मैं पैसेंजर्स से अपनी सिगरेट वापस पाने के लिए एयरक्राफ्ट के बाहर खड़ा हो गया। आपको बता दें कि चंकी पांडे ने पिछले महीने एक इंटरव्यू में अपने स्ट्रगल के दिनों को याद करते हुए बताया था, जब उनकी 22 साल की थी, तब उनके पास कोई बैंक बैलेंस नहीं था। पैसों के लिए उन्होंने अपनी फैंसी कार बेच दी थी। साथ ही वह अलग-अलग ब्रांड्स के लिए बतौर मॉडल काम करते थे। उस वक्त चंकी एक्टर नहीं बने थे। चंकी ने बताया था कि मेरा बैंक बैलेंस जीरो से भी नीचे था। हमेशा कर्ज में डूबा रहता था और पैसा उधार लिया करता था। मैं बॉलीवुड की पार्टियों में बिन बुलाए ही चला जाता करता था, ताकि फ्री में खाना, शराब मिल सके और ऐसे लोगों को तलाशता था, जो मुझे कास्ट कर सकें।
हालांकि चंकी पांडे को उनकी दूसरी पारी में सफलता मिली। साल 2010 में आई फिल्म 'हाउसफुल' में चंकी के रोल को काफी पसंद किया गया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। आज चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे भी एक बॉलीवुड एक्ट्रेस बन चुकी हैं और एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम कर रही हैं।
Published on:
17 Nov 2020 12:19 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
