22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कौन है हेमंत मोदी? जो पहचान बदलकर फिल्मों में करता रहा काम, हत्या का दोषी एक्टर अमिताभ संग भी आ चुका नजर

Who Is Hemant Modi: बॉलीवुड का वो एक्टर जो अपनी पहचान बदलकर इंडस्ट्री में काम करता रहा। आखिर कौन है हेमंत मोदी, चलिए जानते हैं।

2 min read
Google source verification
Who Is Hemant Modi

Who Is Hemant Modi (सोर्स- एक्स)

Who Is Hemant Modi: बॉलीवुड की चमचमाती दुनिया के पीछे कई बार ऐसी कहानियां छिपी होती हैं, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं लगतीं। एक ऐसा ही नाम इन दिनों सुर्खियों में है हेमंत मोदी का, जिसने एक तरफ बड़े-बड़े सितारों के साथ फिल्मों में काम किया और दूसरी तरफ कानून की नजरों से बचता रहा। 12 साल तक फरार रहने वाले इस शख्स की कहानी अब लोगों को हैरान कर रही है।

हत्याकांड में हेमंत मोदी का नाम आया सामने (Hemant Modi Arrested)

गुजरात से ताल्लुक रखने वाले हेमंत मोदी कभी सामान्य जिंदगी जीते थे, लेकिन एक हत्या के मामले में नाम आने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। साल 2005 में नरेंद्र उर्फ नैनो कम्बले हत्याकांड में हेमंत मोदी का नाम सामने आया था। इसके बाद अदालत ने उन्हें दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। बताया जाता है कि उन्होंने साबरमती और मेहसाणा जेल में कई साल बिताए। बाद में पैरोल मिलने के बाद वह वापस नहीं लौटे और यहीं से शुरू हुई उनकी फरारी की कहानी।

फिल्मों में पहचान बदलकर किया काम

दिलचस्प बात यह रही कि फरार रहने के दौरान भी हेमंत मोदी ने अपनी पहचान बदलकर मनोरंजन जगत में कदम रखा। कभी स्पंदन मोदी तो कभी ट्विंकल मुकुंद दवे बनकर उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बना ली। यही वजह रही कि इतने साल तक पुलिस भी उन्हें पकड़ नहीं पाई। कहा जा रहा है कि उन्होंने पहले अहमदाबाद में कॉर्पोरेट नौकरी की और फिर मुंबई पहुंचकर एक्टिंग की दुनिया में सक्रिय हो गए।

आमिर-अमिताभ के साथ भी किया काम

हेमंत मोदी ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स में छोटे लेकिन अहम किरदार निभाए। वह आमिर खान और अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ में नजर आए। इसके अलावा रणवीर सिंह की फिल्म ‘जयेशभाई जोरदार’ में भी उन्होंने काम किया। इतना ही नहीं, वह अनुराग बसु की चर्चित फिल्म ‘मेट्रो इन दिनों’ और मोहनलाल स्टारर ‘L2: एम्पुरान’ जैसे प्रोजेक्ट्स से भी जुड़े रहे। टीवी की दुनिया में भी उन्होंने ‘वागले की दुनिया’ और ‘मेरे साईं’ जैसे शोज में अभिनय किया।

गुजराती फिल्मों में भी किया काम

बताया जा रहा है कि हेमंत मोदी ने सिर्फ हिंदी फिल्मों तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने करीब 20 गुजराती फिल्मों और 17 गुजराती नाटकों में भी काम किया। एक्टिंग के प्रति उनका जुनून इतना ज्यादा था कि फरारी के दौरान भी उन्होंने खुद को लगातार काम में व्यस्त रखा। लेकिन आखिरकार कानून की पकड़ से वह बच नहीं सके।

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस के मुताबिक हेमंत मोदी लगातार अपनी लोकेशन बदलते रहे। कभी पाटन तो कभी दूसरे शहरों में छिपकर रहने के बाद वह मुंबई में एक्टिंग कर रहे थे। आखिरकार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनकी गिरफ्तारी के बाद अब यह मामला फिर चर्चा में आ गया है कि कैसे एक उम्रकैद का दोषी इतने साल तक खुलकर फिल्म इंडस्ट्री में काम करता रहा।