
चौंका देने वाली अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट! पुरुष को बता दी पेट में बच्चेदानी! फोटो सोर्स-AI
Uterus In Man Stomach Case: उत्तर प्रदेश के बदायूं शहर के डॉक्टर रामनिवास गुप्ता अस्पताल के अल्ट्रासाउंड सेंटर में एक चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है। यहां जांच कराने पहुंचे नेम सिंह की रिपोर्ट में ऐसी त्रुटि कर दी गई, जिसे जानकर वह खुद हैरान रह गए। रिपोर्ट में उनके पेट में ‘बच्चेदानी’ होने का उल्लेख कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नेम सिंह को 5 दिन पहले पेट दर्द की शिकायत हुई थी। पड़ोस के डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने अल्ट्रासाउंड कराने का निर्णय लिया। 4 दिन पहले उन्होंने डॉक्टर रामनिवास गुप्ता अस्पताल में जांच कराई और रिपोर्ट लेकर अपने पारिवारिक डॉक्टर के पास पहुंचे। रिपोर्ट देखते ही डॉक्टर भी हैरान रह गए, क्योंकि उसमें मरीज का नाम नेम सिंह होने के बावजूद ‘बच्चेदानी’ का जिक्र किया गया था। इसके बाद नेम सिंह ने अन्य डॉक्टर्स को भी रिपोर्ट दिखाई, जिन्होंने भी इसी गलती की पुष्टि की।
मामला बढ़ने पर नेम सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टर्स ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि रिपोर्ट में जरूर कोई गलती हुई है। उन्हें अस्पताल जाकर दोबारा जांच कराने की सलाह दी गई।
जब नेम सिंह ने अस्पताल पहुंचकर शिकायत की, तो अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉक्टर आदित्य गुप्ता ने अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने बताया कि टाइपिंग त्रुटि के कारण रिपोर्ट में ‘बच्चेदानी’ शब्द जुड़ गया। दरअसल, इससे पहले एक महिला मरीज की रिपोर्ट तैयार की गई थी, जिसकी कॉपी गलती से नेम सिंह की रिपोर्ट में प्रिंट हो गई। डॉक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि दोबारा जांच में रिपोर्ट को सही कर दिया गया है और नेम सिंह के शरीर में ऐसी कोई बात नहीं है।
इस गंभीर लापरवाही के चलते नेम सिंह करीब 3 दिनों तक मानसिक तनाव में रहे। उनका कहना है कि इस तरह की गलती से किसी भी मरीज को बड़ा मानसिक आघात लग सकता है।
बुधवार को नेम सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई और अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रभारी CMO डॉक्टर मोहन झा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
02 Apr 2026 11:49 am
बड़ी खबरें
View Allबदायूं
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
