बुधवार सुबह बुलंदशहर के पूर्व बाहुबली विधायक हाजी अलीम का शव उनके घर के कमरे में पड़ा मिला। शव के पास ही एक पिस्टल भी पड़ी मिली है। संदिग्ध परिस्थियों में गोली लगने से उनकी मौत हुई है। हालांकि, पहले हार्ट अटैक से हाजी अलीम की मौत की बात बताई गई थी लेकिन बाद में गोली लगने से मौत का खुलासा हुआ है। पुलिस इस केस में हत्या के एंगिल से भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि वह घर पर अकेले थे। चार दिन पहले ही वह कहीं बाहर से अपने घर पर आए थे। उधर, खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। बसपा के नेता व कार्यकर्ताओं का भी उनके घर पर जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। उनके घर पर बसपा सुप्रीमो मायावती समेत अन्य बड़े नेताओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।