जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर सदर सीट से विधायक रह चुके बाहुबली नेता हाजी अलीम की उनके घर में बुधवार सुबह मौत हो गई। हार्ट अटैक को इसका कारण बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह अपने घर में अकेले थे। करीब चार दिन बाद वह कहीं बाहर से घर पर आए थे। इससे हाजी अलीम के परिजनों में कोहराम मच गया। उनकी मौत की खबर सुनने के बाद बसपा व अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को इस पर भरोसा ही नहीं हो रहा था। उनके घर पर बसपा कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। उनके घर पर बसपा सुप्रीमो मायावती समेत अन्य बड़े नेताओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।