
जांच करती FSL टीम की प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका
Brutal Murder in Bundi: बूंदी जिले के तालेड़ा क्षेत्र के ग्राम ठिकरिया कला में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां महिला रामी बाई की उसके ही घर में हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि महिला रात के समय बच्चों के पास सो रही थी तभी उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हो सकता है। महिला का अपने पति हेमराज के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस को शक है कि इसी विवाद के चलते यह हत्या हुई है। आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
घटना के समय घर में मौजूद बच्चों ने घबराते हुए तुरंत कंट्रोल रूम में फोन करके सूचना दी। बच्चे रोते हुए मदद की गुहार लगाते रहे और पड़ोसियों को भी आवाज देकर बुलाया। उनकी हालत देखकर आसपास के लोग घबरा गए।
बच्चों की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर थाना तालेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और साक्ष्य जुटाने की कोशिश की गई। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। मौके पर पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर भी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी ली और जांच टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए।
हत्या के बाद आरोपी पति हेमराज मोबाइल बंद कर फरार हो गया है। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के घरों में भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। साथ ही उसके मोबाइल लोकेशन और संपर्कों की भी जांच की जा रही है ताकि जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके और मामले का खुलासा हो सके।
Updated on:
29 Apr 2026 09:56 am
Published on:
29 Apr 2026 09:56 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
