दो बाइक टकराई, एक जने की मौत-video
नैनवां. नैनवां-करवर मार्ग पर थाना क्षेत्र के करीरी गांव के पास गुरुवार को दो बाइकों में आमने-सामने से हुई भिड़ंत में एक बाइक पर सवार नैनवां की राजीव कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय सलीम की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक सलीम शटर बनाने का काम करता था, जो नैनवां से बाइक से करवर की ओर जा रहा था। करीरी के पास करवर की और से आ रही बाइक की सलीम की बाइक से भिड़ंत हो गई।
सलीम के सड़क पर घायल अवस्था में अचेत पड़ा होने की सूचना पर थाने से एएसआई देवलाल मौके पर पहुंचे और 108 एबुलेंस से नैनवां उपजिला चिकित्सालय लेकर आए, जिसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक परिजन भी चिकित्सालय पहुंच गए। एएसआई ने बताया कि शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर दूसरी बाइक के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।