
क्षतिग्रस्त कार : फोटो पत्रिका
बूंदी। जयपुर-कोटा नेशनल हाईवे पर गुरुवार शाम एक भीषण हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिलोर पुलिया के पास हुआ, जहां बजरी से भरे एक ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार ट्रेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ जा गिरी। इसी दौरान ट्रेलर का टायर फट गया और वह भी डिवाइडर पार कर कार के ऊपर पलट गया।
ट्रेलर के नीचे दबने से कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार सगे तीन भाइयों और एक भतीजे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य भाई घायल हो गया। सभी टोंक के रहने वाले हैं। वे कोटा में रिश्तेदार के यहां आयोजित जन्मदिन के कार्यक्रम में जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि टोंक के राज टॉकीज रोड के पास रहने वाले चार सगे भाई वसीमुद्दीन (64), मोइनुद्दीन (62), फरीदुद्दीन (45), अजीमुद्दीन (40) और वसीमुद्दीन का बेटा शेफुद्दीन (28) कार में सवार होकर कोटा अपने रिश्तेदार के यहां जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बूंदी टनल के आगे सिलोर पुलिया पर कार के पीछे चल रहे ट्रेलर ने ओवरटेक करने के प्रयास में कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रेलर को उठाने की कोशिश की। फिर जेसीबी मंगवाकर ट्रेलर की बजरी निकाली गई और काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर को कार पर से हटाया। इसके बाद चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां जांच के बाद मोइनुद्दीन,फरीदुद्दीन,अजीमुद्दीन और शेफुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के शवों को बूंदी के जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
Updated on:
19 Dec 2025 06:02 am
Published on:
18 Dec 2025 09:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
