28 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bundi News: आंधी की चपेट में आने से वृद्धा की मौके पर हुई मौत, टीनशेड से उड़ा पत्थर सीधे महिला के सिर पर गिरा

राजस्थान के बूंदी जिले में तेज आंधी एक वृद्धा के लिए जानलेवा साबित हुई। घर के बाहर चबूतरे पर बैठी 70 वर्षीय महिला के सिर पर टीनशेड से उड़ा पत्थर आ गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पोस्टमार्टम को लेकर पीहर और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति भी बन गई।
2 min read
Google source verification

बूंदी

image

Kamal Mishra

Jun 07, 2026

bundi women death

मृतका गल्लू बाई (फोटो-पत्रिका)

बूंदी। जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में शनिवार रात आई तेज आंधी एक वृद्धा के लिए काल बन गई। आंधी के दौरान टीनशेड पर रखा पत्थर उड़कर 70 वर्षीय गल्लू बाई के सिर पर गिर गया, जिससे उनको गंभीर चोट लग गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार गल्लू बाई शनिवार रात करीब आठ बजे अपने घर के बाहर बने चबूतरे पर बैठी हुई थीं। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी चलने लगी। घर के बाहर लगे टीनशेड को उड़ने से बचाने के लिए उस पर पत्थर रखा गया था। तेज हवा के झोंकों के कारण पत्थर अपनी जगह से खिसककर सीधे वृद्धा के सिर पर आ गिरा। गंभीर चोट लगने से वह खून से लथपथ होकर वहीं अचेत हो गईं।

अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

घटना की जानकारी मिलते ही पास में रहने वाले उनके जेठ और देवर के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। परिजनों ने 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें उपचार के लिए नैनवां उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रात में ही शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

पति का पहले हो चुका है निधन

बताया गया कि गल्लू बाई के पति का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। उनकी कोई संतान भी नहीं थी, जिसके कारण वह घर में अकेली रहती थीं। उनके निधन से परिजनों और ग्रामीणों में गहरा दुख व्याप्त है।

पोस्टमार्टम को लेकर अस्पताल में हुआ विवाद

रविवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू होने से पहले मृतका के ससुराल और पीहर पक्ष के लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। टोंक जिले के झालरा गांव से पहुंचे पीहर पक्ष के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने पर आपत्ति जताई, जबकि ससुराल पक्ष इसके पक्ष में था। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ने पर मामला थाने तक पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई।

बूंदी जिले के नैनवां थाने के एएसआई रमेशचंद ने बताया कि मृतका के जेठ के पुत्र की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।