
पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ करते लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला। फोटो पत्रिका
बूंदी। नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में गुरूवार का दिन छोटीकाशी के लिए एक ओर उपलब्धि भरा रहा। अब तक पासपोर्ट बनवाने के लिए जयपुर या कोटा की दौड़ लगाने वाले बूंदी जिले के लोगों को बड़ी राहत मिली है। विदेश मंत्रालय की ओर से बहादुर सिंह सर्किल स्थित प्रधान डाकघर में स्थापित पासपोर्ट सेवा केंद्र का बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुभारंभ किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि पहले पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए जिले के नागरिकों को जयपुर जाना पड़ता था। वहां लंबी कतारों में लगने के साथ कई बार एक-दो दिन रुकना भी पड़ता था। अब बूंदी में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से लोगों के समय, श्रम और धन की बचत होगी।
बिरला ने बताया कि वर्ष 2023 में कोटा में प्रदेश के दूसरे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की शुरुआत की गई थी। इसके बाद क्षेत्रीय स्तर पर पासपोर्ट सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। बूंदी में सेवा केंद्र शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट केवल विदेश यात्रा का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह नागरिक की पहचान और विश्वसनीयता का भी महत्वपूर्ण प्रमाण है।
समारोह में पूर्व विधायक अशोक डोगरा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, जिला कलक्टर हरफूल यादव, पोस्ट मास्टर जनरल (दक्षिणी क्षेत्र) बीएल सोनल, पासपोर्ट सेवा प्रोजेक्ट निदेशक अर्जुन देवरे सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विपुल देव ने आभार व्यक्त किया।
बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पासपोर्ट सेवाओं का निरंतर विस्तार हुआ है, जिससे ये सेवाएं अधिक सरल, पारदर्शी, त्वरित और नागरिकों के अधिक निकट पहुंची हैं। कोटा में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय का लाभ राजस्थान के 16 जिलों के नागरिकों को मिल रहा है। पिछले तीन वर्षों में लगभग दो लाख पासपोर्ट जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में ई-पासपोर्ट व्यवस्था की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे नागरिकों को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी।
बिरला ने कहा कि बूंदी अपनी समृद्ध विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान रखती है। हमारा प्रयास है कि विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं का भी विस्तार हो। पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और एग्रो आधारित उद्योगों के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे जिले में रोजगार और नए अवसरों का सृजन हो सके। जब देश-दुनिया से पर्यटक बूंदी आएंगे, तो वे यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास और परिवर्तन की नई तस्वीर भी देखेंगे।
Published on:
04 Jun 2026 07:08 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
