
Rajasthan Crime : बूंदी कोतवाली थाना पुलिस ने थाने में दर्ज एक धोखाधड़ी के प्रकरण में रुपए दोगुना करने का झांसा देकर ली गई रकम के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपी को पकड़ लिया है। आरोपी ने पीड़िज से 11 लाख 51 हजार रुपए की ठगी की थी। तीनों आरोपी गुजराज राज्य के है। घटना में पांच आरोपी हैं, इसमें से पुलिस ने मुख्य समेत तीन आरोपी को दबोचा है। शेष दो आरोपी की तलाश जारी है। हालांकि पकड़े गए आरोपी से पुलिस ने 1.70 लाख रुपए बरामद किए है।
पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि फरियादी प्रभुलाल ने 16 मई को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी कि उस सहित रवि और नरेंद्र करीब दो माह पहले पावागढ़ गुजरात में दर्शन करने गए थे। वहां विद्यागिरी के नाम से एक व्यक्ति मिला, जिसने स्वयं को साधु बताया और कहा कि वह अपने प्रभाव से रुपए दोगुने करता है,तभी उसने प्रभुलाल से 25 हजार रुपए हाथ में लेकर मंत्र पढ़ कऱ हाथोंहाथ 50 हजार रुपए दे दिए।
ऐसे में तीनों कथित साधु के फोन नंबर लेकर आ गए। एक माह पहले हेमंत भाटी व विद्यागीरी दोनों साथ कोटा आए। जहां विद्यागीरी से चितौड़ बारां हाइवे पर झालावाड पुलिया के नीचे मिले थे। तब प्रभुलाल, रवि दोनों से कहा कि अभी हमारी तबीयत खराब है तथा अभी रुपए दोगुने करने की शक्ति काम नहीं कर रही है। फिर विद्यागीरी ने बोला कि उसका शिष्य आ रहा है। उसे झालावाड़ पुलिया के नीचे लेने आ जाओ। इस पर रवि उसको अपनी गाड़ी में लेकर कोटा से बूंदी लाए। जहां विद्यागीरी ने कहा कि तीन चुनरी पूजा के लिए 11 लाख 51 हजार रुपए के साथ चाहिए। यह बात सुनने के बाद रवि और प्रभुलाल 11 लाख 51 हजार रुपए लेने कोटा गए। वहां से रुपए का इंतजाम करके बालचंद पाड़ा स्थित भेरु जी के मंदिर में रात को पहुंचे,मंदिर में कोई नहीं था। 11 लाख 51 हजार रुपए चुनरी में रखवाए तथा मंदिर के बाहर तंत्र-मंत्र पढकऱ करीब रात के डेढ़ से दो बजे के बीच पूजा चली और दोनों से 11 लाख 51 हजार रुपए चुनरी में रखवाएं।
फिर दोनों के हाथों में नींबू व रुई इत्र, राई देकर सम्मोहित कर दिया और दोनों बाबा चुनरी समेत 11 लाख 51 हजार रुपए धोखाधड़ी करके ले जाते हुए नजर आए। जब होश आए दोनों बाबा वहां नहीं थे। इस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरु किया। पुलिस ने तकनीकी मदद से धोखाधड़ी करने के तीन आरोपी गुजरात के बरुच जिले के गुजराती स्कूल के पास रहने वाले दाहया उर्फ विद्यानंद गिरी, छोटा उदयपुर जिले निवासी मोहन भाई व फलियु मोहल्ला गांव भील बोरियाड़ निवासी हसन को गिरफ्तार कर लिया है।
सीआई तेजपाल सिंह ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया,जहां से आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जिनसे पुलिस धोखाधड़ी पूर्वक ली गई राशि बरामद करने के प्रयास करेगी।
गुजरात भेजा टीम को
पुलिस अधीक्षक ने फर्जी बाबा बनकर लोगों से झांसा देकर रुपए डबल करने का झांसा देकर राशि ले जाने वालों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम को गुजरात भेजा। टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर गुजरात में बरुच, छोटा उदयपुर जिले से घटना में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पांच-छह तरह की आईडी बना रखी है। आरोपी प्रोफेशनल है।
Published on:
06 Jun 2024 02:46 pm
