
रूई में दबे श्रद्दालुओं को तलाशते लोग (फोटो-पत्रिका)
बूंदी। कोटा दौसा मेगा हाइवे पर लबान और पापडी ओवरब्रिज के बीच रविवार दोपहर को चौथ माता के दर्शन करने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं पर रूई से भरा ट्रक पलट गया, जिसमें तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी और हाइवे को जाम कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार में था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया और कई श्रद्धालु उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही लाखेरी पुलिस, देईखेड़ा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस और राहत-बचाव दलों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
12 घायल श्रद्धालुओं को पहले देईखेड़ा अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने 2 लोगों को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। शेष घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कोटा रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान एक और घायल की मौत हो गई। कोटा अस्पताल में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जाकर घायलों की कुशलक्षेम पूछी।
बेकाबू ट्रक के पैदल यात्रियों पर पलटने से राजाराम (50) निवासी अमरपुरा, कालूलाल निवासी करीरिया सांगोद जिला कोटा की मौके पर ही मौत गई व सांवरा केवट (22) निवासी गुहाटा ने कोटा मं इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
लक्ष्मी निवासी गुहाटा व अमरपुरा निवासी देवलाल, गिरिराज, रामकिशन, महावीर का कोटा अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे में घायल जोधराज, गिरिराज, महावीर निवासी अमरपुरा व फोरू लाल निवासी ईसरदा को प्राथमिक उपचार के बाद देईखेड़ा अस्पताल से छुट्टी कर दी गई।
Updated on:
04 Jan 2026 07:40 pm
Published on:
04 Jan 2026 04:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
