
बूंदी। भंड़ेडा के बांसी गांव में करीब पांच माह से लोगों को पेयजल के संकट से जूझना पड़ रहा है। सोमवार को पीने के पानी को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा।
पानी से त्रस्त महिलाओं ने सूखी टंकी के पास एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार गांव के आचार्य लाडो मोहल्ले में चार पांच महिने से पेयजल की किल्लत मची हुई है। जलदाय विभाग की पेयजलापूर्ति ठप है। पाइपलाइन से मोहल्ले के बाशिंदों को पानी नहीं पहुंचाया जा रहा।
इससे लोगों को बस स्टैंड के पास पहुंच कर जलदाय विभाग के नल से पानी जुटाना पड़ता है। वहीं ग्राम पंचायत के नलकूप में भी पानी नहीं आ रहा। जिससे पानी की टंकी सूखी पड़ी है। मोहल्ले की अनुराधा शर्मा, सुनीता शर्मा, कैलाश बाई व माया गौतम ने बताया कि पानी के लिए सुबह से ही भागादौड़ मच जाती है। काफी मशक्कत के बाद पानी का इंतजाम हो पाता है। महिलाओं ने खाली बर्तन रखकर एक घंटे तक प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
Updated on:
18 Mar 2019 08:27 pm
Published on:
18 Mar 2019 08:27 pm
