
The glass bursts of the buses, the ambush in the city, the security of the police increased
बुरहानपुर. गुरुवार को बुरहानपुर बंद के आह्वान का असर देखने को मिला। सुबह लालबाग से बाबा साहब के अनुयायियों ने रैली निकालकर बाजार बंद कराया। इसके बाद सुबह 10 बजे से शहर में जगह-जगह से रैली निकलकर सभी बाबा साहब की प्रतिमा पर एकत्रित हुए। जहां महाराष्ट्र की घटना की निंदा कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। इसके पंद्रह मिनट बाद बस स्टैंड पर कांच फोडऩे की खबर फैली। जहां एएसपी ने बताया कि कुछ शरारती तत्वों ने १० से १२ बसों के कांच फोड़ दिए। इसके बाद शहर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
गुरुवार को भीम आर्मी व दी बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया के आह्वान पर पूरा शहर बंद रहा। लालबाग में यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। जब ट्रेन से उतरकर बाहर पहुंचे तो यात्री टेंपो बंद मिले। कुछ ऑटो चले तो यात्रियों को सहारा मिला, कई चार किमी पैदल चलकर शहर पहुंचे। सुबह ९ बजे लालबाग में मुख्य चौराहा पर सभी ने एकत्रित होकर नारेबाजी की। बंद के आह्वान पर लालबाग का पूरा बाजार सुबह से ही बंद मिला। यहां पर लोग चाय-नाश्ते को भी तरस गए।
कई बसे रही बंद, यात्री परेशानी
महाराष्ट्र की ओर जाने वाली सभी बसों का संचालन गुरुवार को भी पूरी तरह बंद रहा। यहां तक अंचल में चलने वाली बसे भी हड़ताल के कारण पुष्पक बस स्टैंड पर नहीं पहुंची। बस स्टैंड पर यात्री सामान का बोझ लेकर इधर-उधर भटकते रहे। कोई ऑटो लेकर पहुंचा तो किसी ने छोटे वाहनों का सहारा लिया। शहर में सीएसपी सुनील पाटीदार, यातायात पुलिस और निंबोला पुलिस, लालबाग, गणपति, शिकारपुरा थाना पुलिस बल तैनात रहा। आरआई हेमंत पाटीदार भी मौके पर पहुंचे।
यह है मामला
१ जनवरी को भीमा कोरेगांव में विवाद के बाद युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद महाराष्ट्र के कई हिस्सों में हिंसा और आगजनी की घटनाएं हुईं। युवक की हत्या के विरोध में बुधवार को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया गया था। इसके चलते बुरहानपुर बस ऑपरेटरों ने भी बसों का परिवहन महाराष्ट्र की ओर बंद रखा। इससे १५ हजार से ज्यादा लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। जिले से महाराष्ट्र के रावेर, भुसावल, जलगांव, जालना, शेगांव, जामोद, मलकापुर, ओरंगाबाद, पूणे सहित अन्य स्थानों पर बसे बुरहानपुर से जाती है। गुरुवार को और ज्यादा असर देखने को मिला। बंद को जिला कांग्रेस कमेटी ने भी समर्थन दिया। एआईएमआईएम और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया ने भी इसे समर्थन दिया।
एएसपी राकेश सगर ने कहा कि खंडवा से बुरहानपुर आ रही बस को कुछ युवकों ने रोका। इसके बाद सभी भागते हुए बस स्टैंड पर आए और बसों पर पथराव कर कांच फोड़ दिए। पुलिस बल यहां तैनात कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पता लगाया जा रहा है कि यह लोग कौन थे।
Published on:
04 Jan 2018 01:35 pm
