
BlueStone Jewellery के शेयर में बड़ी तेजी देखने को मिली है। (PC: BlueStone)
BlueStone Jewellery Share Return: ज्वेलरी कंपनी ब्लूस्टोन ज्वेलरी के जून तिमाही के बढ़िया नतीजों का असर शेयर प्राइस में देखने को मिल रहा है। मंगलवार को 20 फीसदी की तेज छलांग लगाने के बाद बुधवार को भी कंपनी के शेयरों में 8 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली है। एनएसई पर यह शेयर दोपहर 12 बजकर 44 मिनट पर 8.25 फीसदी या 60.15 रुपये की बढ़त के साथ 788.80 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। सबसे बड़ी बात यह रही कि कंपनी पिछले साल की पहली तिमाही के घाटे से निकलकर चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में मुनाफे में आ गई है।
कंपनी ने जून तिमाही में 14 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। जबकि पिछले साल की समान तिमाही में उसे 21 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। यानी कंपनी ने एक साल के भीतर अपनी वित्तीय स्थिति में बड़ा सुधार किया है।
ब्लूस्टोन का स्टैंडअलोन रेवेन्यू सालाना आधार पर 48.8 फीसदी बढ़कर 733 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी का स्टैंडअलोन EBITDA भी 134.6 फीसदी उछलकर 55 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने अप्रैल से जून के दौरान 12 नए स्टोर खोले। इसके साथ ही अब उसके देशभर के 139 शहरों में 352 स्टोर हो गए हैं।
ब्रोकरेज फर्म Systematix ने ब्लूस्टोन ज्वेलरी पर अपनी 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने शेयर का टार्गेट प्राइस 832 रुपये तय किया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 14.4 फीसदी की संभावित बढ़त दिखाता है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी हर साल करीब 75 नए स्टोर जोड़ सकती है। अगर यही रफ्तार बनी रही तो FY29 तक ब्लूस्टोन के स्टोर्स की संख्या बढ़कर 571 तक पहुंच सकती है।
सिस्टमैटिक्स का कहना है कि जैसे-जैसे स्टोर पुराने होते हैं, उनकी बिक्री और मुनाफा बेहतर होता जाता है। इसी वजह से कंपनी की कमाई में लगातार सुधार देखने को मिल सकता है। FY25 में तीन साल से ज्यादा पुराने स्टोर कुल नेटवर्क का 27 फीसदी थे, जो FY26 में बढ़कर 46 फीसदी हो गए। अनुमान है कि FY28 तक यह आंकड़ा 56 फीसदी और FY29 तक 60 फीसदी पर पहुंच सकता है। इसी अवधि में औसत स्टोर उम्र भी 2.3 साल से बढ़कर लगभग 4 साल होने की उम्मीद है।
ब्लूस्टोन का कहना है कि अलग-अलग बजट वाले ग्राहकों के लिए उसके पास मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो है, जिसकी वजह से मांग बनी हुई है। कंपनी ने यह भी बताया कि कारोबार बढ़ने के साथ परिचालन क्षमता में सुधार हुआ है, जिससे EBITDA मार्जिन में पिछले साल के मुकाबले 273 बेसिस प्वाइंट का इजाफा हुआ। कंपनी के मुताबिक FY26 में पहली बार पूरे साल मुनाफा कमाने के बाद FY27 की शुरुआत भी मजबूत रही है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)
Updated on:
22 Jul 2026 01:24 pm
Published on:
22 Jul 2026 01:18 pm
